मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का एक और मौका, 28-29 नवंबर को लगेंगे विशेष शिविर

अन्य खबरे , 4

**प्रदेश के 1.73 लाख बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ, नाम नहीं होने पर फॉर्म-6 भरकर करा सकेंगे पंजीकरण**
 
**लखनऊ, 22 नवंबर।** उत्तर प्रदेश में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत नागरिकों को मतदाता सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम जांचने तथा छूटे हुए नाम जुड़वाने का एक और अवसर मिलेगा। आगामी 28 नवंबर (शनिवार) और 29 नवंबर (रविवार) को प्रदेश के सभी 1.73 लाख बूथों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहेंगे।
 
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि 21 और 22 नवंबर को आयोजित विशेष अभियान दिवसों में किसी कारणवश शामिल नहीं हो पाने वाले नागरिक आगामी अभियान दिवसों में अपने बूथ पर पहुंचकर बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। वे मतदाता सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम जांच सकते हैं। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में नहीं है, तो वह फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण के लिए जमा कर सकता है।
 
उन्होंने बताया कि 22 नवंबर को प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान बीएलओ आलेख्य मतदाता सूची और पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6, 7 एवं 8 के साथ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहे। नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जांचने और नाम नहीं होने पर पंजीकरण कराने के लिए जागरूक किया गया।
 
अभियान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने भी कई जनपदों में पहुंचकर बीएलओ की उपस्थिति, आलेख्य मतदाता सूची और आवेदन फार्मों की उपलब्धता, बूथ लेवल एजेंटों की सहभागिता, मतदाता सहायता डेस्क तथा पंजीकरण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
 
निरीक्षण के दौरान पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं और महिलाओं के पंजीकरण, बीएलओ के माध्यम से घर-घर संपर्क, 'बुक ए कॉल विद बीएलओ' के लंबित प्रकरणों तथा 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ मतदाताओं की पहचान की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बीएलओ को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और सभी लंबित प्रकरणों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण किया जाए।
 
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेशवासियों से 28 और 29 नवंबर को आयोजित विशेष अभियान दिवसों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम की जांच ऑनलाइन भी की जा सकती है। इसके लिए नागरिक निर्वाचन आयोग के सेवा पोर्टल **voters.eci.gov.in** अथवा **ECINET मोबाइल ऐप** का उपयोग कर सकते हैं। मतदाता सूची में नया नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 और मतदाता विवरण में संशोधन अथवा स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकता है। नागरिक विशेष अभियान दिवसों की प्रतीक्षा किए बिना निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।
 
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी पात्र नागरिकों से समय रहते मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराने की अपील की, ताकि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी निभा सकें।

Related Articles

Comments

Back to Top