अखिलेश के अयोध्या दौरे और सोनिया गांधी के बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का हमला

जनपत की खबर , 22

**पंकज चौधरी बोले- चुनाव नजदीक आते ही सपा को रामलला की याद, कांग्रेस फिर पुराने विवाद को हवा देने में जुटी**
 
**लखनऊ, 07 नवंबर।** भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे और कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के बाबरी विध्वंस को लेकर दिए गए बयान पर सपा और कांग्रेस को घेरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दल राजनीतिक लाभ के लिए अयोध्या और राम मंदिर से जुड़े मुद्दों को फिर चर्चा में ला रहे हैं।
 
पंकज चौधरी ने कहा कि विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही अखिलेश यादव को रामलला के दर्शन की याद आने लगी है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर चुनाव से ठीक पहले ही उन्हें अयोध्या जाने की जरूरत क्यों महसूस हुई? क्या अब आस्था भी चुनावी रणनीति का हिस्सा बन गई है?
 
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अखिलेश यादव को निश्चित रूप से रामलला के दर्शन करने चाहिए, लेकिन उन्हें सनातन धर्म और हिंदू आस्था को लेकर अपने पुराने बयानों तथा राजनीतिक रुख पर भी जवाब देना चाहिए। केवल चुनाव के समय मंदिर जाना और अन्य समय सनातन पर सवाल उठाना जनता के मन में स्वाभाविक रूप से सवाल खड़े करता है।
 
उन्होंने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के बाबरी विध्वंस से जुड़े बयान पर भी निशाना साधा। कहा कि बाबरी विवाद पर देश की सर्वोच्च अदालत का फैसला आ चुका है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन चुका है और रामलला विराजमान हैं। देश इस विवाद से आगे बढ़ चुका है, लेकिन कांग्रेस फिर पुराने मुद्दे को राजनीतिक चर्चा में लाने की कोशिश कर रही है।
 
पंकज चौधरी ने आरोप लगाया कि एक ओर समाजवादी पार्टी चुनाव से पहले राम मंदिर के जरिए अपनी राजनीतिक छवि बदलने का प्रयास कर रही है, वहीं कांग्रेस बाबरी विध्वंस की याद दिलाकर अपनी राजनीति को आगे बढ़ाना चाहती है।
 
उन्होंने कहा कि देश की जनता सब देख रही है। उसे पुराने विवादों पर राजनीतिक बयानबाजी नहीं, बल्कि विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए ठोस काम चाहिए।

Related Articles

Comments

Back to Top