*ऑक्सीजन पर मारामारी, ग्रेटर नोएडा में ऑक्सीजन बनाने वाली कम्पनी और अस्पताल कर्मियों में भिड़ंत -*

अन्य खबरे , 430

नोयडा।
ग्रेटर नोएडा कोरोना वायरस के संक्रमण ने स्वास्थ्य सेवाओं को चरमराकर रख दिया है। सबसे ज्यादा ऑक्सीजन को लेकर मारामारी का माहौल है। ऐसे में ग्रेटर नोएडा में मंगलवार को एक अजीबोगरीब घटना हुई। ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर क्षेत्र में ऑक्सीजन का उत्पादन करने वाली कंपनी आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट और नोएडा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (निम्स) के कर्मचारियों के बीच भिड़ंत हो गई। दरअसल, निम्स का स्टाफ इनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स कम्पनी में ऑक्सीजन लेने पहुंचा था। गाड़ी लोड करने में कंपनी के कर्मचारियों ने ज्यादा वक्त लगा दिया। जिस पर इंस्टिट्यूट के कर्मचारी भड़क गए। मामले की जानकारी मिलने पर सूरजपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हालात संभाले।


सूरजपुर कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार की दोपहर नोएडा इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेस के कर्मचारी इनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स कंपनी में ऑक्सीजन लेने आए थे। कंपनी में पहले से ही कई और अस्पतालों की गाड़ियां लोड हो रही थीं। ऐसे में निम्स के कर्मचारियों को ऑक्सीजन मिलने में वक्त लग गया। इसी बात को लेकर दोनों ओर के कर्मचारियों के बीच कहासुनी हो गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसके बाद आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट कंपनी के कर्मचारियों ने हड़ताल पर जाने तक की धमकी दे दी। जिससे माहौल बिगड़ने की संभावना हो गई।


यह जानकारी सूरजपुर कोतवाली पुलिस को दी गई। आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और हालात संभाले। पुलिस ने इंस्टिट्यूट की गाड़ी में ऑक्सीजन लोड करवाकर रवाना की। दूसरी ओर कंपनी कर्मचारियों को समझा कर शांत करवाया। सूरजपुर कोतवाली के इंस्पेक्टर ने कहा कि अब किसी तरह की परेशानी नहीं है। मामला दोपहर में ही खत्म हो गया था। निम्स के स्टाफ को ऑक्सीजन दे दी गई थी। कंपनी का स्टाफ भी संतुष्ट कर दिया गया था।

Related Articles

Comments

Back to Top