*ग्रेटर नोएडा गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने बाइक बोट घोटाले के मुख्य आरोपी आदेश भाटी की करोड़ों की संपत्ति कुर्क की -*
अन्य खबरे Apr 20, 2021 at 10:14 PM , 427नोएडा।
संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 4 लाख 92 हजार 950 रुपये बताई जा रही है
आदेश भाटी पर लोगों के 3500 करोड़ रुपये हड़पने का आरोप है
भाटी समेत करीब 60 आरोपियों के खिलाफ मामला न्यायालय में लंबित है
गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने अब तक गैंगस्टर/माफियाओं की करीब 132 करोड़ 55 लाख रूपये की संपत्ति कुर्क किया है
गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक बोट घोटाले के मुख्य आरोपी आदेश भाटी की एक करोड़ से ज्यादा की संपत्ति मंगलवार को कुर्क कर दिया है। आदेश भाटी को गत मार्च में ही जमानत मिली थी। उस पर लोगों के 3500 करोड़ रुपये हड़पने का आरोप है। बताते चलें कि आदेश भाटी समेत करीब 60 आरोपियों के खिलाफ मामला न्यायालय में लंबित है।
गौतमबुद्ध नगर पुलिस के प्रवक्ता ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 20 अप्रैल को कोतवाली कासना ने विशेष न्यायालय पुलिस आयुक्त, गौतमबुद्ध नगर के आदेशानुसार गैंगस्टर एक्ट में अभियुक्त अजीत भाटी उर्फ आदेश भाटी पुत्र गिरराज निवासी ग्राम चीती थाना दनकौर जनपद गौतमबुद्ध नगर की संपत्ति कुर्क की है। उसका फ्लैट प्लूमेरिया गार्डन ओमीक्रोन-3 ग्रेटर नोएडा में स्थित था। उसके फ्लैट संख्या 601, छठां फ्लोर, टॉवर-एफ की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 4 लाख 92 हजार 950 रुपये बताई जा रही है। पुलिस की एक टीम ने इस संपत्ति को कुर्क कर दिया है।
गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने अब तक गैंगस्टर/माफियाओं पर कार्रवाई करते हुए करीब 132 करोड़ 55 लाख रूपये की संपत्ति को कुर्क किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रहा है। सभी की संपत्ति गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क की जा रही है।
पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने सभी मातहतों को स्पष्ट आदेश दिया है। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शुरू आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की रफ्तार धीमी नहीं होनी चाहिए। इस क्रम में जनपद गौतमबुद्ध नगर में अब तक दो दर्जन से ज्यादा बदमाशों की संपत्ति गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क की गई है। यह अभियान चलता रहेगा।



























Comments