*मुख्य सचिव की अध्यक्षता में विभिन्न निर्माण परियोजनाओं में उच्च विशिष्टियों/पैसेंजर कार यूनिट (पीसीयू) शिथिलीकरण आदि के अनुमोदन हेतु गठित उच्च स्तरीय समिति की बैठक सम्पन्न*

जनपत की खबर , 18

*बैठक में सड़क परियोजनाओं से संबंधित 35 प्रस्तावों को मिला अनुमोदन*

*दिनांकः 23 सितम्बर, 2026*

*लखनऊ।* प्रदेश के मुख्य सचिव श्री एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में विभिन्न निर्माण परियोजनाओं में उच्च विशिष्टियों/पैसेंजर कार यूनिट (पीसीयू) शिथिलीकरण आदि के अनुमोदन हेतु गठित उच्च स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। 
            बैठक में सड़क परियोजनाओं के लिए पैसेंजर कार यूनिट (पीसीयू) में शिथिलीकरण से संबंधित 35 प्रस्तावों को अनुमोदन प्रदान किया गया। अनुमोदित प्रस्तावों में विभिन्न जनपदों में बाईपास मार्गों के निर्माण, सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, फ्लाईओवर तथा अन्य महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों के निर्माण से संबंधित परियोजनाएं शामिल हैं।
            मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुमोदित सभी परियोजनाओं उच्च गुणवत्ता मानकों, निर्धारित तकनीकी मानकों एवं तय समय-सीमा के अनुरूप पूर्ण कराया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी तथा प्रगति की निरंतर समीक्षा करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करते हुए निर्माण कार्य निर्धारित अवधि में पूरा कराने पर विशेष जोर दिया।
            उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से आबादी वाले क्षेत्रों में यातायात के दबाव को कम करने, आवागमन को अधिक सुगम बनाने तथा विभिन्न क्षेत्रों के बीच सड़क संपर्क को बेहतर करने में मदद मिलेगी। 
            इन परियोजनाओं में जनपद आगरा के खेरागढ़ कस्बे में 3127.40 लाख रुपये की लागत से 3.00 किमी लंबे बाईपास का नवनिर्माण शामिल है। जनपद अलीगढ़ में 9500 लाख रुपये की लागत से 7.00 किमी लंबे बाईपास का निर्माण किया जाएगा, जिससे अलीगढ़-राया-मथुरा मार्ग (एसएच-80) पर स्थित आबादी को यातायात सुविधा मिलेगी। जनपद अम्बेडकर नगर में 4361.99 लाख रुपये की लागत से 5.80 किमी लंबे जलालपुर बाईपास तथा जनपद बुलन्दशहर के सिकन्द्राबाद में 6113.48 लाख रुपये की लागत से 3.50 किमी लंबे बाईपास का नवनिर्माण किया जाएगा।
            इसी क्रम में जनपद देवरिया के विधानसभा क्षेत्र रुद्रपुर में 6533.79 लाख रुपये की लागत से 7.250 किमी लंबे रुद्रपुर पश्चिमी बाईपास का निर्माण प्रस्तावित है। जनपद एटा में 3128 लाख रुपये की लागत से 5.79 किमी लंबे जलेसर बाईपास तथा 5614 लाख रुपये की लागत से 8.66 किमी लंबे शिकोहाबाद रोड (निधौली खुर्द) से सकीट रोड (सर्दलगढ़), पूरा, हरिचन्द्रपुर कला होते हुए एनएच-34 (छछैना) बाईपास का नवनिर्माण किया जाएगा।
            जनपद फतेहपुर में 5122.53 लाख रुपये की लागत से 6.500 किमी लंबे बिन्दकी बाईपास का निर्माण किया जाएगा। यह मार्ग शिवराजपुर-बिन्दकी-ललौली मार्ग (प्रा.जि.मा.-15) पर स्थित पेट्रोल पंप के समीप से प्रारम्भ होकर नौधीखेड़ा होते हुए पुराने मुगल रोड एवं कटिलिहा मार्ग को क्रॉस करते हुए बिन्दकी बाईपास मार्ग तक पहुंचेगा। जनपद हाथरस में 12000 लाख रुपये की लागत से 12 किमी लंबे हाथरस बाईपास का निर्माण किया जाएगा, जो पीलीभीत-भरतपुर मार्ग (पुराना एनएच-530बी) एवं हाथरस-जलेसपुर मार्ग को क्रॉस करेगा। वहीं, जनपद उरई में 2119.09 लाख रुपये की लागत से 5 किमी लंबे बाईपास मार्ग के अवशेष भाग का निर्माण कोच-पहाड़गांव मार्ग से एट-बंगरा-भीखेपुर तक कराया जाएगा।
            जनपद कासगंज में 4789.32 लाख रुपये की लागत से 3.400 किमी लंबे दो-लेन सहावर बाईपास मार्ग तथा जनपद रामपुर में 6373.95 लाख रुपये की लागत से 6.800 किमी लंबे शाहबाद-रामपुर-बाजपुर (एसएच-144) मार्ग एवं भमरौरा-शाहबाद-बिलारी (एसएच-125) मार्ग के तहसील शाहबाद क्षेत्र में बाईपास मार्ग का निर्माण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जनपद अलीगढ़ में 2321.05 लाख रुपये की लागत से 2.250 किमी लंबे दाऊद खाँ टर्मिनल से अलीगढ़ शहर बाईपास मार्ग (दाऊद खाँ आरओबी) तक दो-लेन मार्ग का नवनिर्माण किया जाएगा।
            अन्य स्वीकृत परियोजनाओं में जनपद चन्दौली में 321.48 लाख रुपये की लागत से 0.350 किमी लंबे चन्दाइत ग्राम में डीआरएस इंडस्ट्रीयल पार्क के संपर्क मार्ग का 12 मीटर चौड़ाई में नवनिर्माण तथा जनपद गोरखपुर में 2026.42 लाख रुपये की लागत से 1.325 किमी लंबे भोपा बाजार (आरओबी) से शहीद स्मारक स्थल, अशोक आयरन एण्ड स्टील रोलिंग मिल होते हुए चौरीचौरा-गौनर मार्ग (ओजीओ मार्ग) तक पहुंच मार्ग का निर्माण शामिल है।
            जनपद मुरादाबाद में 18967.04 लाख रुपये की लागत से 7.260 किमी लंबे एनएच-9 के किमी-164 से दलपतपुर ड्राईपोर्ट तक मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जाएगा। वहीं, जनपद चन्दौली में 613.65 लाख रुपये की लागत से 0.400 किमी लंबे कलेक्ट्रेट परिसर तक मार्ग का चार-लेन में चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। जनपद अमेठी में 2448.64 लाख रुपये की लागत से 4 किमी लंबे हैदरगढ़-शुकुल बाजार-वारिसगंज मार्ग (प्र.जि.मा.-101सी) के किमी-40 से डिफेन्स डिपार्टमेंट (एनएजी) मैदान तक मार्ग का नवनिर्माण किया जाएगा।
            जनपद चित्रकूट में 8092.77 लाख रुपये की लागत से शिवरामपुर में बीओपी (अ.जि.प.) के चैनज 0.00 से 19.500 तक तथा जनपद बाँदा में 3949.34 लाख रुपये की लागत से कबरई-वाराणसी एनएच-35 के किमी-50 से महुआ अर्जुनाह होते हुए स्योता ग्राम तक 10.745 किमी मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जाएगा। जनपद उन्नाव में 992.93 लाख रुपये की लागत से 3.150 किमी लंबे पीएनबी तिराहा से चन्द्रिका खेड़ा-गुलाब सिंह लौधी स्मारक (अन्य जिला मार्ग) तथा जनपद फिरोजाबाद में 4270.33 लाख रुपये की लागत से 3.10 किमी लंबे फिरोजाबाद-जलेसर मार्ग के चैनेज 2.900 से 6.000 किमी तक चार-लेन चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य प्रस्तावित है।
            जनपद अयोध्या में 6590.42 लाख रुपये की लागत से 1.880 किमी लंबे एयरपोर्ट मार्ग पर मेडिकल कॉलेज एवं एयरपोर्ट टर्मिनल-2 तक चार-लेन मार्ग का निर्माण किया जाएगा। जनपद हापुड़ में 1002.84 लाख रुपये की लागत से 0.850 किमी लंबे मेरठ-बदायूं मार्ग से हृदयपुर मार्ग (अन्य जिला मार्ग) तथा डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर न्यू गुलावटी स्टेशन मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जाएगा।
            इसी प्रकार जनपद मिर्जापुर में 135.11 लाख रुपये की लागत से 0.450 किमी लंबे वीरपुर-छितपुर मार्ग के किमी-03 अंडरपास से न्यू मिर्जापुर स्टेशन मार्ग, जनपद प्रयागराज में 404.23 लाख रुपये की लागत से 0.700 किमी लंबे गरेथा-मोनाई संपर्क मार्ग (डीएफसीसीआईएल न्यू ऊंचडीह स्टेशन) के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, तथा जनपद फतेहपुर में 1332.57 लाख रुपये की लागत से 3.490 किमी लंबे थरियांव-असोथर मार्ग के किमी-2 से न्यू रसूलाबाद स्टेशन मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जनपद फतेहपुर में 708.63 लाख रुपये की लागत से 2.300 किमी लंबे जीटी मार्ग से न्यू मलवां स्टेशन मार्ग तथा जनपद चन्दौली में 382.52 लाख रुपये की लागत से 0.800 किमी लंबे जीएक्यूएन (डिग्गी एवं बनौली) से डीएफसीसीआईएल तक मार्ग का निर्माण किया जाएगा।
            यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से जनपद गोरखपुर में 26760 लाख रुपये की लागत से 1.305 किमी लंबे गोरखपुर-लखनऊ एवं गोरखपुर-वाराणसी राजमार्ग पर नौसढ़ चौराहे पर फ्लाईओवर सेतु का निर्माण किया जाएगा। *जनपद लखनऊ में 19279 लाख रुपये की लागत से 1.500 किमी लंबे लखनऊ-रायबरेली राजमार्ग पर पीजीआई के सामने चार-लेन फ्लाईओवर, 5026 लाख रुपये की लागत से 0.539 किमी लंबे सर्वोदय नगर तिराहे से आगे कुकरैल फ्लाईओवर के दाहिनी ओर एलीवेटेड सर्विस रोड तथा 14569 लाख रुपये की लागत से 0.858 किमी लंबे सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के तेलीबाग चौराहे पर चार-लेन फ्लाईओवर सेतु का निर्माण किया जाएगा।*
            इसी क्रम में जनपद प्रयागराज में 13257 लाख रुपये की लागत से 0.885 किमी लंबे विधानसभा क्षेत्र 262-शहर उत्तरी में मेडिकल चौराहा (सीएबी कॉलेज से केपी कॉलेज तक) चार-लेन फ्लाईओवर तथा 13941 लाख रुपये की लागत से 0.974 किमी लंबे हनुमान मंदिर से सिविल बस अड्डे तक चार-लेन फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा।
            बैठक में प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग श्री अजय चौहान, सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास श्री विजय किरन आनन्द सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
----------------------

Related Articles

Comments

Back to Top