स्थानीय कमांडर राज्य के मुख्यमंत्रियों से बात करें और हरसंभव मदद करें : राजनाथ सिंह
हेडलाइंस Apr 20, 2021 at 10:30 AM , 398नई दिल्ली। देश में कोरोना महामारी से बिगड़े हालातों को देखते हुए सरकार चिंतित है। कोरोना के प्रकोप को कम करने के लिए सरकार हर संभव प्रयास करने में लगी है। ऐसे में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आर्मी चीफ से बात कर कहा है कि सेना के स्थानीय कमांडर राज्य के मुख्यमंत्रियों से बात करें और हरसंभव मदद करें।
वहीं रक्षा सचिव ने भी देशभर के कैंट बोर्ड अस्पतालों में छावनी से इतर नागरिकों के लिए भी मेडिकल सुविधा देने के निर्देश दिए हैं। राजनाथ सिंह ने सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे, रक्षा सचिव और डीआडीओ प्रमुख से बात की। उन्होंने सभी से कोरोना महामारी के दौरान नागरिकों के लिए सुविधाएं और विशेषज्ञता उपलब्ध कराने को कहा है। देष में पिछले 24 घंटे में एक बार फिर ढाई लाख से अधिक नए मामले सामने आए हैं।
कोरोना के चलते देशभर में ऑक्सीजन सिलेंडर की कमी से हर राज्य में हाहाकार मचा हुआ है। ऐसे में रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन ने कोरोना के हालातों को देखते हुए पूरक ऑक्सीजन वितरण प्रणाली तैयार की है। जानकारी के अनुसार इसका उपयोग अत्यधिक ऊंचाई वाले इलाकों में तैनात सैनिकों के लिए किया जा सकता है। वहीं कोरोना मरीजों के लिए भी यह विकल्प काफी मददगार साबित होगा।
भारत में कोरोना के 2 लाख 56 हजार 596 नए मामले सामने आए हैं। लेकिन कोरोना से मरने वालों में और भी बढ़ोतरी देखी गई। देश में कोरोना से बीते 24 घंटे के भीतर 1757 लोगों की मौत हो गई। दुनिया में अमरीका के बाद भारत ही ऐसा देश है जहां ऐक्टिव केस 20 लाख के पार पहुंचे हैं। ऐसे में अस्पतालों में मेडिकल सुविधाओं का अभाव हो गया है। आॅक्सीजन की कमी के चलते मरीज दम तोड़ रहे हैं।






























Comments