दिल्ली में पीएम मोदी ने BJP की नई टीम से किया संवाद, संगठन मजबूत करने और जनता से जुड़ाव बढ़ाने पर जोर

जनपत की खबर , 10

नई दिल्ली, 22 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों से मुलाकात कर संवाद किया। भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में गठित नई राष्ट्रीय टीम के साथ प्रधानमंत्री की यह पहली औपचारिक बातचीत थी। बैठक में संगठन को मजबूत करने, जमीनी स्तर पर पार्टी की पहुंच बढ़ाने और जनता से जुड़ाव को और गहरा करने पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री मोदी ने बैठक के बाद कहा कि संगठनात्मक बैठकें नए विचारों और दृष्टिकोणों के माध्यम से पार्टी को मजबूत करने तथा जनता से जुड़ाव को गहरा करने का अवसर होती हैं। उन्होंने नई टीम के साथ हुई बातचीत को सकारात्मक और महत्वपूर्ण बताया। 
65 सदस्यीय नई टीम, 51 नए चेहरे
भाजपा ने 17 अगस्त को नितिन नबीन की अध्यक्षता में नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा की थी। नई टीम में 65 पदाधिकारी शामिल हैं, जिनमें 51 नए चेहरे हैं। इसमें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय महामंत्री, राष्ट्रीय सचिव सहित संगठन के विभिन्न महत्वपूर्ण पदाधिकारी शामिल हैं। 
बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता राम माधव, वसुंधरा राजे, स्मृति ईरानी, बिप्लब कुमार देब, बीएल संतोष और पीयूष गोयल समेत अन्य प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। 
आगामी चुनाव और बूथ स्तर तक संगठन पर फोकस
नई टीम के गठन के बाद भाजपा का फोकस आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के साथ-साथ ग्रासरूट स्तर पर संगठन को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर है। पार्टी की बैठकों में युवाओं और नए मतदाताओं से जुड़ने की रणनीति पर भी जोर दिया जा रहा है। 

भाजपा ने युवाओं, खासकर Gen Z, तक पहुंच बढ़ाने के लिए भी विशेष पहल शुरू की है। पार्टी का प्रयास संगठनात्मक गतिविधियों के साथ डिजिटल और सोशल मीडिया माध्यमों से युवा वर्ग के साथ संवाद को मजबूत करना है। 

'वंदे मातरम्' पर भाजपा का देशव्यापी अभियान
नई राष्ट्रीय टीम की बैठक में भाजपा ने 'वंदे मातरम्' को लेकर भी प्रस्ताव पारित किया। पार्टी ने कांग्रेस कार्यसमिति द्वारा राष्ट्रगीत के केवल पहले दो अंतरों के गायन के निर्णय की आलोचना की और इसके ऐतिहासिक महत्व को लेकर देशव्यापी जनजागरूकता अभियान चलाने की घोषणा की है।

17 सितंबर से 'सेवा संकल्प अभियान'
भाजपा ने प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशव्यापी 'सेवा संकल्प अभियान' चलाने की भी घोषणा की है। अभियान के तहत सेवा कार्यों, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क और युवाओं को सेवा एवं नवाचार से जोड़ने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 
प्रधानमंत्री मोदी के साथ नई टीम की यह बैठक भाजपा के हालिया संगठनात्मक पुनर्गठन के बाद बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। नई टीम अब संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने तथा जनता के साथ सीधे संवाद को बढ़ाने की दिशा में काम करेगी। 

Related Articles

Comments

Back to Top