**टी-20 लीग सीजन-4 की ट्रॉफी के साथ विधानसभा पहुंचे खिलाड़ी, सतीश महाना से की मुलाकात**
जनपत की खबर Aug 11, 2026 at 08:55 PM , 35**लखनऊ, 11 अगस्त।** उत्तर प्रदेश टी-20 लीग सीजन-4 की ट्रॉफी के साथ यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर और सभी छह फ्रेंचाइजी टीमों के कप्तानों ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा पहुंचकर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से शिष्टाचार भेंट की।
डॉ. संजय कपूर ने विधानसभा अध्यक्ष को लीग की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि **सीजन-4 का शुभारंभ 14 अगस्त** को लखनऊ स्थित भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होगा। लीग का फाइनल मुकाबला **6 सितंबर को कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीनपार्क स्टेडियम** में खेला जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सभी खिलाड़ियों और आयोजन समिति को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश टी-20 लीग प्रदेश के युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लीग के माध्यम से प्रदेश को कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी मिलेंगे, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश व देश का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान भुवनेश्वर कुमार, कानपुर सुपरस्टार्स के कप्तान समीर रिजवी, नोएडा किंग्स के कप्तान माधव कौशिक, गोरखपुर लायंस के कप्तान आर्यन जुयाल, मेरठ मावेरिक्स के कप्तान स्वास्तिक चिकारा और काशी रुद्रास के कप्तान करण शर्मा मौजूद रहे।
शिष्टाचार भेंट के बाद खिलाड़ियों ने विधानसभा भवन के विभिन्न कक्षों और प्रमुख स्थलों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्हें विधानसभा भवन की ऐतिहासिक, लोकतांत्रिक और स्थापत्य विशेषताओं की जानकारी भी दी गई।































Comments