*दुग्धशाला विकास विभाग की स्वर्ण जयंती पर कल प्रदेश के सभी 75 जनपदों में एक दिवसीय जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव -2026 का आयोजन होगा*
अन्य खबरे Aug 04, 2026 at 04:55 PM , 38*कार्यक्रम में विभिन्न योजना के लाभार्थियों को चयन एवं अनुमति पत्र वितरित किए जांएगे*
*दुग्ध एवं पशुधन विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी*
लखनऊ: 04 अगस्त, 2026
दुग्धशाला विकास विभाग के 50 वर्ष पूर्ण होने (स्वर्ण जयंती वर्ष) के उपलक्ष्य में प्रदेश के सभी 75 जनपदों में कल दिनांक 05 अगस्त, 2026 को दुग्धशाला विकास विभाग एवं पशुपालन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से एक दिवसीय जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव - 2026 का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य दुग्धशाला विकास विभाग एवं पशुपालन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिकाधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुँचाना, डेयरी क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों एवं वैज्ञानिक पशुपालन प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।
पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री मुकश कुमार मेश्राम एवं दुग्ध आयुक्त श्रीमती के0 धनलक्ष्मी के निर्देशानुसार आयोजित इस कॉन्क्लेव का मुख्यालय से वेब लिंक के माध्यम से सीधा प्रसारण किया जाएगा। जनपद स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन विकास भवन सभागार में संबंधित मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में होगा, जबकि कार्यक्रम का उद्घाटन जनप्रतिनिधियों द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों, दुग्ध संघों के प्रतिनिधियों, दुग्ध उत्पादक किसानों, पशुपालकों, स्वयं सहायता समूहों, दुग्ध समितियों एवं अन्य हितधारकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यालय से कार्यक्रम का जूम लिंक के माध्यम से प्रातः 10ः30 से 11ः30 के मध्य प्रसारण कराया जाएगा। उक्त कार्यक्रम में विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की जाएगी। कॉन्क्लेव में विभिन्न विषयों पर विशेष प्रस्तुतिकरण होंगे जिनमें आधुनिक डेयरी प्रबंधन (नन्द बाबा दुग्ध मिशन आदि), औपचारिक डेयरी प्रसंस्करण (दुग्ध नीति-2022 ),चारा प्रबन्धन, पशु रोगों की पहचान, रोकथाम, निगरानी, नियंत्रण तथा टीकाकरण आदि तथा विभागीय योजनाओं/कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी।
इन विषयों पर दुग्धशाला विकास विभाग एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ कृषि विज्ञान केन्द्रों तथा कृषि विश्वविद्यालयों के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं विषय विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना, मिनी नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना एवं नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना के लाभार्थियों को चयन एवं अनुमति पत्र वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम की सफलता के लिए जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित किया गया है, ताकि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिकाधिक किसानों एवं पशुपालकों तक पहुँच सके।
दुग्धशाला विकास विभाग ने प्रदेश के सभी दुग्ध उत्पादक किसानों, पशुपालकों, स्वयं सहायता समूहों, दुग्ध समितियों तथा डेयरी क्षेत्र से जुड़े नागरिकों से अपील की है कि वे 05 अगस्त, 2026 को आयोजित जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर विभागीय योजनाओं का लाभ उठाते हुए अपनी आय एवं आजीविका को सुदृढ़ बनाएं।



























Comments