अब दिव्यांगों को नहीं होगी परेशानी, आरटीओ में व्हीलचेयर सेवा शुरू
अन्य खबरे Jul 27, 2026 at 10:55 PM , 25लखनऊ। राजधानी के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ), ट्रांसपोर्ट नगर ने दिव्यांगजनों की सुविधा और सम्मानजनक सेवाएं सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कार्यालय परिसर में व्हीलचेयर सुविधा शुरू कर दी है। अब ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, परमिट और अन्य परिवहन संबंधी कार्यों के लिए आने वाले दिव्यांगजन बिना किसी असुविधा के कार्यालय के विभिन्न काउंटरों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
यह पहल संभागीय निरीक्षक प्रशांत कुमार की पहल पर शुरू की गई है। कार्यालय में उपलब्ध कराई गई व्हीलचेयर के माध्यम से दिव्यांगजन न केवल भवन के भीतर सहजता से आवागमन कर सकेंगे, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर कार्यालय के कर्मचारी उन्हें एक काउंटर से दूसरे काउंटर तक पहुंचाने में भी सहयोग करेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि परिवहन विभाग का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को सुगम, सम्मानजनक और जनहितैषी सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी सोच के तहत दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई है, ताकि उन्हें सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की बाधा का सामना न करना पड़े।
आरटीओ ट्रांसपोर्ट नगर में शुरू की गई यह व्यवस्था दिव्यांगजन अनुकूल प्रशासन की दिशा में एक सराहनीय पहल मानी जा रही है। इससे न केवल दिव्यांगजनों की समस्याओं में कमी आएगी, बल्कि कार्यालय की समावेशी और नागरिक-केंद्रित कार्यशैली भी मजबूत होगी। यह पहल इस संदेश को भी सशक्त करती है कि सरकारी सेवाएं हर नागरिक तक समान रूप से, सहजता और सम्मान के साथ पहुंचनी चाहिए।



























Comments