बिना बारिश जलमग्न संगम विहार, 30 वर्षों से जल निकासी को तरस रहे 6000 परिवार

अन्य खबरे , 29

गंदे पानी, टूटी सड़कों और मच्छरों के प्रकोप से बढ़ी परेशानी, समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी

लखनऊ। राजधानी के संगम विहार कॉलोनी के हजारों निवासी बिना बारिश के ही सड़कों पर जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम और संबंधित विभागों की लापरवाही के कारण जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे घरों के सामने गंदा पानी स्थायी रूप से जमा रहता है और लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।

क्षेत्रवासियों के अनुसार कॉलोनी में पिछले करीब 30 वर्षों से जल निकासी की समस्या बनी हुई है। जगह-जगह सड़कें क्षतिग्रस्त हैं और गड्ढों में पानी भरा रहने से आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। गंदे पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों की आशंका भी बनी हुई है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि संगम विहार कॉलोनी में लगभग 6000 परिवार निवास करते हैं, लेकिन आज तक मूलभूत सुविधाओं का समुचित विकास नहीं हो सका। उनका आरोप है कि वर्षों से जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा केवल आश्वासन दिए जाते रहे हैं, जबकि समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।

निवासियों ने कॉलोनी में सुनियोजित जल निकासी व्यवस्था विकसित करने, क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने, खाली प्लॉटों में भरे दूषित पानी की निकासी, नियमित सफाई अभियान चलाने तथा पर्याप्त स्ट्रीट लाइटें लगाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्रवासी आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होंगे।

उधर, जलकल विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों का कहना है कि उन्हें समस्या की जानकारी प्राप्त हुई है। संबंधित क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जल्द ही कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

Related Articles

Comments

Back to Top