*उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश को गति देने के लिए उद्यमी मित्र नेटवर्क का विस्तार*

अन्य खबरे , 38

*_निवेश परियोजनाओं को मिलेगी नई रफ्तार, इन्वेस्ट यूपी द्वारा मुख्यमंत्री उद्यमी मित्र योजना के लिए 25 पदों पर भर्ती परीक्षा आयोजित_*

लखनऊ, 19 जुलाई: उत्तर प्रदेश को $1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप 'इन्वेस्ट यूपी' राज्य के निवेश पारिस्थितिकी तंत्र को निरंतर सशक्त बना रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री उद्यमी मित्र योजना के तहत 25 अतिरिक्त उद्यमी मित्रों की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का सफल आयोजन किया गया।

यह परीक्षा रविवार, 19 जुलाई को लखनऊ के जानकीपुरम स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (आईईटी) में डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) के सहयोग से संपन्न हुई। इस भर्ती प्रक्रिया का उद्देश्य राज्य में निवेश परियोजनाओं को धरातल उतारने में तेजी लाना, निवेशकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना तथा ईज ऑफ डूइंग बिजनेस (EoDB) इकोसिस्टम को और सशक्त बनाना है।

मुख्यमंत्री उद्यमी मित्र योजना की भर्ती परीक्षा में 752 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए, जिनमें से 438 शामिल हुए। ओएमआर आधारित 90 मिनट की परीक्षा में 75 बहुविकल्पीय प्रश्न (300 अंक) पूछे गए, प्रत्येक गलत उत्तर पर एक अंक के नकारात्मक अंकन का प्रावधान रहा। अभ्यर्थियों का मूल्यांकन कंप्यूटर कौशल एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की आधारभूत जानकारी (40 प्रश्न), तार्किक क्षमता (20 प्रश्न) तथा उत्तर प्रदेश की औद्योगिक एवं निवेश नीतियों (15 प्रश्न) के आधार पर किया गया। परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुचारु संचालन हेतु इन्वेस्ट यूपी ने विशेष समिति गठित की थी।

जनवरी 2023 में 105 पदों के साथ शुरू हुई 'मुख्यमंत्री उद्यमी मित्र योजना' आज उत्तर प्रदेश के निवेश तंत्र का सबसे मजबूत स्तंभ बन चुकी है। ये उद्यमी मित्र निवेशकों के लिए 'सिंगल पॉइंट ऑफ कॉन्टैक्ट' के रूप में काम करते हैं, जो विभिन्न सरकारी विभागों से समन्वय बिठाकर आवश्यक स्वीकृतियों को रफ्तार देते हैं और कानूनी व प्रशासनिक बाधाओं को दूर करते हैं। निवेश प्रस्तावों को समय पर धरातल पर उतारने, बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर बनाने और यूपी को देश का सबसे पसंदीदा निवेश गंतव्य बनाने में इनकी सक्रिय भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

Related Articles

Comments

Back to Top