लखनऊ- भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक संपन्न !!

जनपत की खबर , 30

लखनऊ 11 जुलाई 2026। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश की प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक शनिवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री श्री पंकज चौधरी की अध्यक्षता तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, बूथ सशक्तीकरण, जनसंपर्क अभियानों, वृक्षारोपण अभियान, डिजिटल प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा कारगिल विजय दिवस सहित विभिन्न संगठनात्मक गतिविधियों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री श्री पंकज चौधरी ने प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति उसका समर्पित कार्यकर्ता और सशक्त बूथ संगठन है। बूथ स्तर पर कार्य करने वाला प्रत्येक कार्यकर्ता चुनाव का वास्तविक योद्धा है और उसी के अथक परिश्रम से संगठन की विजय सुनिश्चित होती है। इसलिए प्रत्येक पदाधिकारी का दायित्व है कि वह बूथ तक निरंतर प्रवास, संवाद और संगठनात्मक गतिविधियों को गति प्रदान करे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में विकसित भारत के निर्माण का संकल्प तभी साकार होगा, जब उत्तर प्रदेश में संगठन और सरकार दोनों पूरी शक्ति के साथ जनता के बीच कार्य करते हुए आगामी सभी चुनावों में विजय प्राप्त करें। प्रदेश के सभी पदाधिकारियों को संगठन द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों एवं अभियानों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करनी होगी। प्रत्येक अभियान को केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनसंपर्क और जनविश्वास बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बनाना होगा।
श्री चौधरी ने कहा कि विपक्ष लगातार झूठ, भ्रम और दुष्प्रचार का वातावरण बनाने का प्रयास कर रहा है। ऐसे समय में भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। हमें समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और ऐतिहासिक उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाना है तथा विपक्ष के झूठ का तथ्यों के आधार पर जवाब देना है।
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार नियमित सम्पर्क व  संवाद, सक्रिय प्रवास और कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संबंध हैं। प्रत्येक पदाधिकारी अपने निर्धारित क्षेत्र में नियमित प्रवास करें, संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करें तथा बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करें। आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संपन्न करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
प्रदेश अध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ संगठन के प्रत्येक अभियान को सफल बनाएगा तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह ने प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से मार्गदर्शन देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन बूथ आधारित संगठन है और हमारी सभी गतिविधियों का केंद्र बूथ होना चाहिए। जब तक बूथ मजबूत नहीं होगा, तब तक संगठन की शक्ति पूर्ण रूप से विकसित नहीं हो सकती। इसलिए प्रत्येक पदाधिकारी बूथ सशक्तीकरण को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए नियमित प्रवास और सतत संपर्क बनाए रखें।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर पार्टी के प्राथमिक एवं सक्रिय सदस्यों, पुराने एवं नए कार्यकर्ताओं, पूर्व पदाधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित सम्पर्क व संवाद स्थापित किया जाए। संगठन का विस्तार और सुदृढ़ीकरण केवल बैठकों से नहीं बल्कि निरंतर संपर्क, समन्वय और सक्रिय सहभागिता से संभव है। सभी पदाधिकारी अपने-अपने दायित्व क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों की नियमित समीक्षा करें और कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संबंध बनाए रखें।
श्री धर्मपाल सिंह ने आगामी वृक्षारोपण अभियान को संगठन का महत्वपूर्ण जनअभियान बताते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज राष्ट्रीय आवश्यकता है। प्रत्येक पदाधिकारी इस अभियान में व्यक्तिगत सहभागिता सुनिश्चित करें तथा अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और आमजन को जोड़ते हुए इसे जनआंदोलन का स्वरूप दें। यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहे बल्कि उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया जाए।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का डिजिटल बूथ प्रशिक्षण अभियान संगठन को तकनीक के साथ जोड़ने का एक ऐतिहासिक अभियान है। उत्तर प्रदेश में इस अभियान को व्यापक गति प्रदान करने के लिए प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाए। प्रत्येक बूथ पर अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को सरल ऐप से जोड़कर डिजिटल प्रशिक्षण पूर्ण कराया जाए। डिजिटल रूप से प्रशिक्षित कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से समाज तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। यह अभियान भविष्य के सशक्त, सक्षम और तकनीक-संपन्न संगठन की आधारशिला बनेगा।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने कहा कि 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस पूरे प्रदेश में श्रद्धा, सम्मान और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने, पूर्व सैनिकों का सम्मान करने तथा युवाओं में राष्ट्रसेवा की भावना जागृत करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों का आह्वान किया कि अनुशासन, समन्वय और सक्रियता के साथ संगठन द्वारा निर्धारित प्रत्येक कार्यक्रम को सफल बनाएं तथा बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

Related Articles

Comments

Back to Top