लखनऊ में वीआईपी मूवमेंट आज: सुबह 8 बजे से कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन, एयरपोर्ट-चारबाग-आलमबाग समेत कई रास्तों पर बदला यातायात

जनपत की खबर , 20

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में शनिवार (4 जुलाई) को प्रस्तावित वीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर यातायात पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है। यह व्यवस्था सुबह 8:00 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान अमौसी एयरपोर्ट, चारबाग, आलमबाग, अवध चौराहा, रॉयल होटल चौराहा, मवैया, नाका, अशोक लाट और अन्य प्रमुख मार्गों पर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा तथा वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

यातायात पुलिस के अनुसार, दरोगाखेड़ा, स्कूटर इंडिया और नादरगंज से अमौसी एयरपोर्ट जाने वाले वाहन सीधे एयरपोर्ट की ओर नहीं जा सकेंगे। इन वाहनों को किसान पथ और रायबरेली रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा। वहीं अमौसी की ओर से आने वाले सामान्य वाहन नीलम फार्मेसी तिराहा, कृष्णानगर मेट्रो स्टेशन, पिकेडली और अवध चौराहा की ओर नहीं जा सकेंगे। इनके लिए शहीद पथ का वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है।

अमौसी एयरपोर्ट के वीआईपी मोड़ से सामान्य वाहनों का एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहन अमौसी कमर्शियल मोड़ से होकर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।

रॉयल होटल चौराहे से अटल चौक की ओर जाने वाले वाहनों को सिसेंडी डीएसओ चौराहे के रास्ते भेजा जाएगा। इसी तरह एवरेडी तिराहा और भूसामंडी से मवैया की ओर जाने वाला यातायात बालाजी मंदिर मार्ग से होकर गुजरेगा।

चारबाग और नाका क्षेत्र में भी विशेष डायवर्जन लागू रहेगा। नाका चौराहे से पानदरीबा की ओर जाने वाले वाहन डीएवी डिग्री कॉलेज और राजेंद्र नगर मार्ग से जाएंगे। लाटूश रोड (बांस मंडी तिराहा) से चारबाग की ओर जाने वाले वाहनों को भी नाका और राजेंद्र नगर के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा। राजेंद्र नगर से राणा प्रताप तिराहे की ओर जाने वाले वाहनों को भी नाका चौराहे के रास्ते भेजा जाएगा।

अशोक लाट चौराहे से बर्लिंगटन और रॉयल होटल चौराहे की ओर जाने वाले वाहनों का आवागमन भी प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को लाटूश रोड के रास्ते भेजा जाएगा।

अवध चौराहे से आलमबाग की ओर जाने वाले वाहन पिकेडली, बंगला बाजार और फतेह अली मार्ग से होकर जाएंगे। वहीं फतेह अली से चारबाग और आलमबाग की ओर जाने वाले वाहनों को कुंवर जगदीश और करियप्पा मार्ग से निकाला जाएगा। लंगड़ा फाटक से आलमबाग की ओर आने वाले वाहनों को भी मानक नगर रेलवे स्टेशन मार्ग से होकर भेजा जाएगा।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वीआईपी कार्यक्रम के दौरान निर्धारित डायवर्जन का पालन करें, घर से निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी अवश्य लें तथा अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।

Related Articles

Comments

Back to Top