IAS पदोन्नति के बाद PCS एसोसिएशन के महासचिव वैभव मिश्रा ने दिया इस्तीफा, नई कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया होगी शुरू

अन्य खबरे , 20

2011 बैच के अधिकारी ने अध्यक्ष को भेजा त्यागपत्र, प्रशासनिक फेरबदल में नई जिम्मेदारी मिलने की संभावना

लखनऊ, 2 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश प्रशासनिक सेवा के वर्ष 2011 बैच के अधिकारी वैभव मिश्रा ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में पदोन्नति मिलने के बाद उत्तर प्रदेश पीसीएस (कार्यकारी शाखा) एसोसिएशन के महासचिव पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र एसोसिएशन के अध्यक्ष को भेजते हुए नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू कराने का अनुरोध किया है।
त्यागपत्र में वैभव मिश्रा ने उल्लेख किया है कि 30 जून 2026 को उनका चयन भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में होने के बाद उन्होंने उसी दिन नए पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। ऐसे में एसोसिएशन के पदीय दायित्वों का निर्वहन करना संभव नहीं होगा। उन्होंने अध्यक्ष से अनुरोध किया है कि एसोसिएशन की आम सभा अथवा विशेष सभा बुलाकर नई कार्यकारिणी का गठन कराया जाए, ताकि संगठन का कार्य सुचारु रूप से चलता रहे।
वैभव मिश्रा के इस्तीफे के बाद अब पीसीएस एसोसिएशन में नए महासचिव के चयन को लेकर गतिविधियां तेज होने की संभावना है। प्रशासनिक हलकों में इसे महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, IAS में पदोन्नति के बाद जल्द जारी होने वाली प्रदेश की प्रशासनिक तबादला सूची में वैभव मिश्रा को नई जिम्मेदारी मिल सकती है। हालांकि, उनकी नई तैनाती को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है।
प्रशासनिक सेवा में पदोन्नति के साथ एसोसिएशन के महत्वपूर्ण पद से उनका इस्तीफा संगठन में नेतृत्व परिवर्तन की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Comments

Back to Top