लखनऊ का एयरपोर्ट बना भारत का पहला एफएसएसए.आई प्रमाणित ‘ईट राइट कैंपस’

जनपत की खबर , 40

लखनऊ। राजधानी के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों को केवल बेहतर यात्रा अनुभव ही नहीं, बल्कि सुरक्षित, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन का भी भरोसा मिलेगा। इसी प्रतिबद्धता के साथ लखनऊ एयरपोर्ट ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफ.एस.एस.ए.आई) से ‘ईट राइट कैंपस’ प्रमाणन प्राप्त करने वाला भारत का पहला एयरपोर्ट बनने का गौरव हासिल किया है।
एफ.एस.एस.ए.आई  ने यह प्रमाणन 24 मार्च 2026 से 23 मार्च 2028 तक दो वर्षों के लिए प्रदान किया है। खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता मानकों के उत्कृष्ट अनुपालन के लिए एयरपोर्ट को 3-स्टार रेटिंग भी दी गई है।
यह प्रमाणपत्र अपर जिलाधिकारी, लखनऊ (पूर्वी) महेंद्र पाल सिंह द्वारा प्रदान किया गया। यह उपलब्धि यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खानपान उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
यह सम्मान एक स्वतंत्र थर्ड-पार्टी ऑडिट के बाद मिला, जिसमें एयरपोर्ट परिसर के सभी फूड आउटलेट्स और खाद्य सेवा प्रदाताओं का व्यापक मूल्यांकन किया गया। ऑडिट के दौरान खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता, पौष्टिक भोजन की उपलब्धता, खाद्य अपशिष्ट प्रबंधन, सुरक्षित पेयजल, स्थानीय एवं मौसमी खाद्य उत्पादों को बढ़ावा तथा यात्रियों और फूड हैंडलर्स के बीच जागरूकता जैसे प्रमुख मानकों का आकलन किया गया।
यह उपलब्धि लखनऊ एयरपोर्ट की उस सोच को दर्शाती है, जिसमें यात्री केवल अपनी मंज़िल तक ही नहीं पहुँचते, बल्कि उन्हें एक सुरक्षित, स्वस्थ और बेहतर यात्रा अनुभव भी मिलता है।

Related Articles

Comments

Back to Top