**CM योगी की ‘पाती’ से बच्चों के नाम संदेश: कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, 1 जुलाई से शुरू होगा ‘स्कूल चलो अभियान’ का दूसरा चरण**
जनपत की खबर Jun 29, 2026 at 06:00 AM , 22 **लखनऊ।** उत्तर प्रदेश में शत-प्रतिशत नामांकन और प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से **‘स्कूल चलो अभियान’** के दूसरे चरण की शुरुआत **1 जुलाई 2026** से होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों, अभिभावकों और शिक्षकों के नाम अपनी ‘पाती’ जारी कर बच्चों को विद्यालय पहुंचाने का आह्वान किया है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि **“कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे”** यह सरकार का संकल्प है। नामांकन अभियान **15 जुलाई तक** चलाया जाएगा, जिसका लक्ष्य प्रदेश के सभी बच्चों का विद्यालयों में प्रवेश सुनिश्चित करना है।
सीएम ने कहा कि **विद्या जीवन की सबसे अनमोल संपत्ति है।** ज्ञान के पंख बच्चों को सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं। विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कार, चरित्र और व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण स्थान है।
उन्होंने कहा कि प्राचीन गुरुकुल परंपरा और आधुनिक शिक्षा व्यवस्था के समन्वय से प्रदेश के विद्यालयों को बेहतर बनाया जा रहा है। सरकार द्वारा **‘ऑपरेशन कायाकल्प’, ‘मिशन प्रेरणा’, ‘मिशन निपुण’ और ‘प्रोजेक्ट अलंकार’** जैसे अभियानों के माध्यम से विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि माध्यमिक विद्यालयों के आधुनिकीकरण, बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और छात्र-छात्राओं के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। **कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय योजना** के माध्यम से बेटियों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
सीएम ने शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों में विद्यालय आने के प्रति रुचि पैदा करें और खेल-कूद सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से उन्हें शिक्षा से जोड़ें। उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि बच्चों का मूल्यांकन केवल अंकों के आधार पर न करें, बल्कि उनके प्रयास, हौसले और प्रतिभा को पहचानें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि **3 से 6 वर्ष तक के बच्चों को ‘बाल वाटिका’ से जोड़ना चाहिए** और प्रत्येक अभिभावक अपने बच्चों की नियमित विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि ‘स्कूल चलो अभियान’ केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का महाअभियान है। हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह अपने आसपास के बच्चों को विद्यालय तक पहुंचाने में सहयोग करे।
**मुख्यमंत्री ने संदेश दिया कि उत्तर प्रदेश का भविष्य तभी उज्ज्वल होगा, जब प्रदेश का हर बच्चा शिक्षित होगा।**































Comments