25 जून, 2026 से डिप्लोमा इंजीनियरिंग एवं अन्य पाठ्यक्रमों की ऑनलाइन काउंसलिंग शुरू

अन्य खबरे , 18

365 पॉलीटेक्निक संस्थाओं की 1,20,984 सीटों पर मिलेगा प्रवेश, फार्मेसी पाठ्यक्रम शामिल नहीं

jeecup.admissions.nic.in पर कराएं पंजीकरण, अधिक विकल्प भरने की अपील

राजकीय व अनुदानित पॉलीटेक्निकों में बने सहायता केंद्र

लखनऊ, 24 जून, 2026 ।

संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए डिप्लोमा इंजीनियरिंग एवं अन्य पाठ्यक्रमों (फार्मेसी पाठ्यक्रम को छोड़कर) की ऑनलाइन काउंसलिंग 25 जून, 2026 से प्रदेश स्तर पर प्रारंभ की जा रही है। 

संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद के सचिव संजीव कुमार सिंह ने बताया कि  इस काउंसलिंग प्रक्रिया के माध्यम से प्रदेश की कुल 365 पॉलीटेक्निक संस्थाओं में प्रवेश दिया जाएगा। इनमें 156 राजकीय (Government), 18 अनुदानित (Aided), 29 पी.पी.पी. (PPP) मॉडल एवं 162 निजी (Private) क्षेत्र की पॉलीटेक्निक संस्थाएं सम्मिलित हैं, जिनकी कुल प्रवेश क्षमता 1,20,984 है। संयुक्त प्रवेश परीक्षा के माध्यम से घोषित परिणाम में अर्ह (Qualified) पाए गए अभ्यर्थी इस ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेने के पात्र हैं।

समस्त अर्ह अभ्यर्थियों को सूचित किया जाता है कि वे समय सारणी के अनुसार काउंसलिंग पोर्टल jeecup.admissions.nic.in पर जाकर अपना पंजीकरण सुनिश्चित करें। मनपसंद संस्थान और पाठ्यक्रम में प्रवेश की संभावनाओं को बढ़ाने के लिए अभ्यर्थी पोर्टल के माध्यम से अधिक से अधिक संख्या में विकल्पों (Choices) का चयन करें।

अभ्यर्थी अपने जनपद में स्थित राजकीय एवं अनुदानित पॉलीटेक्निकों में स्थापित सहायता केन्द्रों पर जाकर काउन्सिलिंग सम्बन्धी जानकारी प्राप्त कर काउन्सिलिंग प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं। काउंसलिंग से जुड़ी विस्तृत समय-सारणी, दिशा-निर्देश और अन्य आवश्यक जानकारियां परिषद की आधिकारिक वेबसाइट jeecup.admissions.nic.in पर उपलब्ध हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top