*'योगः कर्मसु कौशलम्' के मंत्र के साथ बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने अलीगढ़ में किया योगाभ्यास*

जनपत की खबर , 22

*12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम में उमड़ा जनसैलाब, मंत्री ने दिलाया 'स्वस्थ भारत' का संकल्प*  

*'योग भारत की सांस्कृतिक विरासत से विश्व कल्याण का माध्यम बना' — संदीप सिंह*  

*अलीगढ़ / लखनऊ 21 जून 2026।*

'योगः कर्मसु कौशलम्' अर्थात योग से ही कर्म में कुशलता आती है, के भाव को आत्मसात करते हुए प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने रविवार को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अलीगढ़ स्थित अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम में आयोजित भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम में सहभागिता कर योगाभ्यास किया।  

इस अवसर पर मंत्री संदीप सिंह ने हजारों की संख्या में उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अधिकारियों एवं आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में योग आज भारत की सांस्कृतिक विरासत से निकलकर विश्व कल्याण का सशक्त माध्यम बन चुका है। 21 जून 2015 को पहले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से शुरू हुई यह यात्रा आज वैश्विक आंदोलन का रूप ले चुकी है।  

उन्होंने कहा कि  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार योग को जन-जन तक पहुंचाकर स्वस्थ, समर्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश के सभी परिषदीय विद्यालयों में प्रतिदिन योग एवं प्रार्थना सभा को अनिवार्य किया गया है, ताकि बचपन से ही बच्चों में शारीरिक एवं मानसिक अनुशासन विकसित हो सके।  

मंत्री सिंह ने उपस्थित जनसमूह से आह्वान किया कि हम सभी योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ, समर्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनें। योग न केवल रोगों से मुक्ति दिलाता है, बल्कि एकाग्रता, धैर्य और सकारात्मकता भी प्रदान करता है जो 'कर्म में कुशलता' का आधार है।  

Related Articles

Comments

Back to Top