'मिशन शक्ति' अभियान के अंतर्गत कस्तूरबा गांधी विद्यालय की 4 छात्राओं ने संभाला मध्याह्न भोजन प्राधिकरण में नेतृत्वकारी दायित्व

जनपत की खबर , 16

मुस्कान, सरिता, साक्षी और राधिका बनीं एक दिन की निदेशक; रसोई घरों की स्वच्छता व गुणवत्तापूर्ण पौष्टिक भोजन का जारी किया आदेश

निदेशक प्रेमरंजन सिंह ने सराहा बेटियों का विजन; छात्राओं के निर्देश पर कल से प्रदेश भर के स्कूल किचनों में चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान

लखनऊ, 14 अक्टूबर 2026।

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी 'मिशन शक्ति अभियान' के अंतर्गत बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने का कौशल और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समझ विकसित करने के क्रम में बुधवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) काकोरी, लखनऊ की चार छात्राओं ने मध्याह्न भोजन प्राधिकरण पहुंचकर शीर्ष प्रशासनिक दायित्वों का सांकेतिक निर्वहन किया। इस अवसर पर मध्याह्न भोजन प्राधिकरण के निदेशक प्रेमरंजन सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें प्रशासनिक व्यवस्थाओं व नीतिगत निर्णयों की बारीकियों से अवगत कराया।

सांकेतिक पदभार ग्रहण कार्यक्रम के तहत केजीबीवी काकोरी की छात्रा मुस्कान, सरिता, साक्षी और राधिका ने निदेशक की आसंदी संभालते हुए एक कुशल प्रशासक की भांति विभागीय कार्यकलापों की गहन समीक्षा की। चारों छात्राओं ने प्रदेश के सभी प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लिए एक महत्वपूर्ण शासकीय आदेश भी जारी किया। अपने आदेश में उन्होंने निर्देशित किया कि प्रदेश के समस्त परिषदीय एवं कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के किचन शेड में स्वच्छता के उच्चतम मानक सुनिश्चित किए जाएं, बच्चों को प्रचुर पोषक तत्वों से युक्त ताजा व संतुलित भोजन उपलब्ध कराया जाए और खाना पकाने वाली रसोइयों को समय-समय पर स्वच्छता एवं पोषण प्रबंधन का विशेष प्रशिक्षण दिया जाए।

इसके साथ ही छात्राओं ने एमडीएम व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी व सुदृढ़ बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव रखे। उन्होंने विद्यालयों में छात्र संख्या के अनुरूप पर्याप्त भोजन तैयार करने, मेन्यू में पोषक तत्वों की प्रचुरता बनाए रखने, आधुनिक किचन व्यवस्था के विस्तार तथा आवश्यकता पड़ने पर अस्वस्थ बच्चों को तत्काल प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

मध्याह्न भोजन प्राधिकरण के निदेशक  प्रेमरंजन सिंह ने चारों छात्राओं के आत्मविश्वास, प्रशासनिक सोच और नेतृत्व क्षमता की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान पूरे प्रदेश में जन-आंदोलन का रूप ले चुका है, जिसका मुख्य उद्देश्य बेटियों को आगे बढ़ाकर उनमें निर्णय लेने और समाज को दिशा देने की क्षमता का विकास करना है। उन्होंने कहा कि बचपन से ही ऐसा व्यावहारिक व प्रशासनिक मंच मिलने से छात्राओं में राष्ट्र निर्माण और भविष्य में उच्च प्रशासनिक पदों पर पहुंचकर जनसेवा करने की प्रेरणा मिलती है।

निदेशक सिंह ने बताया कि नन्हीं निदेशकों द्वारा जारी स्वच्छता व पोषण संबंधी आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। इसके तहत  पूरे प्रदेश के विद्यालयीय किचनों में एक विशेष वृहद सफाई अभियान शुरू किया जा रहा है, जिससे नौनिहालों को सुरक्षित, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा सके।

Related Articles

Comments

Back to Top