NEET UG RE-EXAM 2026 आज: देशभर में 5,440 केंद्रों पर परीक्षा, कड़े सुरक्षा घेरे में पहुंचेंगे अभ्यर्थी
जनपत की खबर Jun 21, 2026 at 09:50 AM , 25 लखनऊ।
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET UG RE-EXAM) 2026 का आयोजन आज देशभर में किया जा रहा है। परीक्षा देश के 551 शहरों के 5,440 परीक्षा केंद्रों के साथ विदेशों में बनाए गए 14 केंद्रों पर भी आयोजित होगी। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। दिव्यांग (PwD/PwBD) अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय दिया जाएगा, जिसके चलते उनके लिए परीक्षा शाम 6:20 बजे तक चलेगी।
परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने सभी केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। NTA ने सभी परीक्षार्थियों को समय से पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी है, ताकि प्रवेश प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
ड्रेस कोड और सुरक्षा नियम जारी
NTA ने परीक्षा के लिए ड्रेस कोड और सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अभ्यर्थियों से हल्के और साधारण कपड़े पहनकर आने की अपील की गई है। फुल स्लीव और ऊनी कपड़ों में आने वाले परीक्षार्थियों की अतिरिक्त जांच की जाएगी। वहीं, पगड़ी, हिजाब और अन्य धार्मिक परिधान पहनने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति रहेगी, लेकिन उन्हें जांच प्रक्रिया के लिए पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।
अभ्यर्थियों को चप्पल या लो-हील सैंडल पहनकर आने को प्राथमिकता देने को कहा गया है। हाई-हील, भारी जूते या अधिक जांच वाले सामान पहनकर आने वालों की विशेष जांच की जाएगी।
इन चीजों पर रहेगी रोक
परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थी पारदर्शी पानी की बोतल और प्लास्टिक पाउच ले जा सकेंगे। हालांकि मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
इसके अलावा भारी आभूषण, धातु से बनी वस्तुएं और बड़े बेल्ट बकल परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
NTA ने सभी अभ्यर्थियों से परीक्षा के नियमों का पालन करने और सहयोग करने की अपील की है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित तरीके से पूरी कराई जा सके।































Comments