NEET अभ्यर्थियों को बड़ी राहत: यूपी की नगरीय परिवहन बसों में मिलेगी 50% किराये की छूट, 20-21 जून तक लागू रहेगी सुविधा

जनपत की खबर , 26

लखनऊ। नीट (NEET) परीक्षा-2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ी राहत दी है। परीक्षा में शामिल होने के लिए यात्रा करने वाले अभ्यर्थियों को प्रदेश की नगरीय परिवहन की बसों में किराये में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।

नगर विकास विभाग, उत्तर प्रदेश शासन की ओर से इस संबंध में निदेशक, नगरीय परिवहन निदेशालय, लखनऊ को निर्देश जारी किए गए हैं। शासन के अनु सचिव पारस नाथ की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि 21 जून, 2026 को आयोजित होने वाली NEET परीक्षा को देखते हुए अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए यह निर्णय लिया गया है।

शासन के निर्देश के अनुसार यह किराया छूट 20 जून और 21 जून 2026 यानी दो दिनों तक लागू रहेगी। अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र तक पहुंचने और परीक्षा समाप्त होने के बाद अपने निवास स्थान लौटने के लिए इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

एडमिट कार्ड दिखाने पर मिलेगा लाभ

किराये में 50 प्रतिशत छूट का लाभ केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को मिलेगा, जो यात्रा के दौरान अपना वैध NEET प्रवेश पत्र (Admit Card) प्रस्तुत करेंगे। बिना प्रवेश पत्र के यह सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।

बस संचालन से जुड़े अधिकारियों को निर्देश

नगरीय परिवहन निदेशालय को निर्देश दिए गए हैं कि सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों, डिपो प्रभारियों, बस चालकों और परिचालकों को तत्काल जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि पात्र अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें नियमानुसार छूट का लाभ मिल सके।

इसके अलावा सभी बस अड्डों, पूछताछ केंद्रों और अन्य प्रमुख स्थानों पर इस व्यवस्था का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

शासन ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि NEET परीक्षा-2026 के अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परिवहन व्यवस्था सुचारू रखते हुए किराया छूट योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

Related Articles

Comments

Back to Top