ECI की राष्ट्रीय कार्यशाला में यूपी के मीडिया नोडल अधिकारियों ने सीखी चुनावी संचार की बारीकियां, 350 से अधिक अधिकारियों ने लिया प्रशिक्षण

जनपत की खबर , 72

मतदाता जागरूकता, फेक न्यूज नियंत्रण और प्रभावी मीडिया प्रबंधन पर हुआ मंथन

नई दिल्ली/लखनऊ। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) की ओर से मीडिया और संचार अधिकारियों के लिए आयोजित राष्ट्रीय स्तर की एक दिवसीय कार्यशाला में उत्तर प्रदेश के मीडिया नोडल अधिकारियों ने भी सहभागिता कर चुनावी संचार व्यवस्था, मीडिया प्रबंधन और सोशल मीडिया रणनीतियों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

कार्यशाला में देश के सभी 36 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के मीडिया नोडल अधिकारी (MNO), सोशल मीडिया नोडल अधिकारी (SMNO) तथा उन राज्यों के जिला मीडिया नोडल अधिकारी और जिला जनसंपर्क अधिकारियों (PRO) ने भाग लिया, जहां विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) का तीसरा चरण चल रहा है या आगामी चुनाव प्रस्तावित हैं।

इस महत्वपूर्ण आयोजन में 350 से अधिक मीडिया एवं संचार विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी की मौजूदगी में संबोधित किया।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि हाल में संपन्न पांच राज्यों के चुनावों में आजादी के बाद से जनभागीदारी का ऐतिहासिक स्तर देखने को मिला है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि चुनाव से संबंधित सभी संचार समयबद्ध, सरल भाषा में और तथ्यों एवं कानून के आधार पर होने चाहिए।

निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू ने प्रभावी संचार पर जोर देते हुए कहा कि केवल सूचना पहुंचाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके प्रभाव का आकलन कर उसे अधिकतम करना भी जरूरी है। वहीं निर्वाचन आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने अधिकारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि आयोग के नियम, निर्देश और दिशा-निर्देश आम जनता तक आसान और स्पष्ट तरीके से पहुंचने चाहिए।

कार्यशाला में चुनावी संचार रणनीति, मतदाता सूची तैयार करने से लेकर मतदान प्रक्रिया तक की जानकारी, ECINET के प्रभावी उपयोग, संवैधानिक प्रावधानों, संबंधित कानूनों, सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों और मीडिया समन्वय जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

इसके अलावा प्रेस नोट तैयार करने, मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से सूचनाओं के प्रभावी प्रसार, भ्रामक सूचनाओं (मिसइन्फॉर्मेशन) और नकारात्मक नैरेटिव से निपटने, युवा मतदाताओं को जोड़ने और निर्वाचन आयोग की पहलों को जनता तक पहुंचाने के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए।

कार्यशाला ने विभिन्न राज्यों के अधिकारियों को अपने अनुभव साझा करने और बेहतर कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान का अवसर भी प्रदान किया।

उत्तर प्रदेश से सभी जिलों के मीडिया नोडल अधिकारियों ने इस राष्ट्रीय कार्यशाला में प्रतिभाग किया। इनमें अधिकांश जिला सूचना अधिकारी शामिल रहे। उत्तर प्रदेश की मीडिया नोडल अधिकारी एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की विशेष कार्याधिकारी गरिमा स्वरूप ने भी कार्यशाला में हिस्सा लिया।

Related Articles

Comments

Back to Top