जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी ने सुनीं समस्याएं, शिक्षा, न्याय और जनसुनवाई को लेकर दिए सख्त निर्देश
जनपत की खबर Jun 08, 2026 at 12:59 PM , 22लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा, पुलिस कार्रवाई, अवैध कब्जों तथा अन्य जनसमस्याओं से जुड़े मामलों पर गंभीरता दिखाते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
आर्थिक तंगी बनी पढ़ाई में बाधा, मुख्यमंत्री ने दिलाया भरोसा
जनता दर्शन के दौरान लखनऊ की एक छात्रा अपनी वृद्ध मां के साथ मुख्यमंत्री से मिलने पहुंची। छात्रा ने बताया कि उसने इंटरमीडिएट परीक्षा अच्छे अंकों से उत्तीर्ण की है और वह बीटेक की पढ़ाई करना चाहती है, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण आगे की शिक्षा में कठिनाई आ रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छात्रा की मार्कशीट का अवलोकन किया और उसे पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करते हुए आश्वासन दिया कि उसका प्रवेश लखनऊ के किसी अच्छे संस्थान में कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि किसी भी मेधावी एवं जरूरतमंद छात्र की शिक्षा आर्थिक अभाव के कारण बाधित न हो। मुख्यमंत्री के आश्वासन से छात्रा और उसकी मां भावुक हो गईं तथा उन्होंने आभार व्यक्त किया।
अवैध कब्जे और पुलिस की लापरवाही पर सख्त दिखे मुख्यमंत्री
जनता दर्शन में कई फरियादी ऐसे भी पहुंचे जिन्होंने पुलिस की कथित हीलाहवाली, भूमि विवादों और अवैध कब्जों से जुड़े मामलों में कार्रवाई न होने की शिकायत मुख्यमंत्री से की। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों की व्यक्तिगत मॉनीटरिंग की जाए और पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाया जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा शिकायतों का निस्तारण पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से किया जाए।
पहले स्थानीय अधिकारियों से करें संपर्क
मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में आए कुछ ऐसे फरियादियों से भी संवाद किया जो सीधे अपनी शिकायत लेकर लखनऊ पहुंच गए थे। उन्होंने उनसे पूछा कि क्या उन्होंने अपनी समस्या जनपद या मंडल स्तर के अधिकारियों के समक्ष रखी है। इस पर कुछ लोगों ने बताया कि वे सीधे मुख्यमंत्री से मिलने आए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में लोगों को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना चाहिए और सबसे पहले अपनी शिकायतें जिला एवं मंडल स्तर के अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अनेक समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही संभव है, जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सकता है।
जनसुनवाई के माध्यम से सरकार की संवेदनशीलता का संदेश
जनता दर्शन कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि सरकार आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश देकर उन्होंने प्रशासनिक जवाबदेही और जनसरोकारों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।































Comments