हापुड़ डकैती कांड का खुलासा: निलंबित सिपाही निकला मास्टरमाइंड, मुठभेड़ के बाद पांच बदमाश गिरफ्तार

अन्य खबरे , 23

हापुड़। डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक हापुड़ के नेतृत्व में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले के चर्चित उद्योगपति नरेंद्र कबाड़ी के घर हुई करीब दो करोड़ रुपये की डकैती का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान दो बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गए।
 
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हाई-प्रोफाइल डकैती का मास्टरमाइंड उत्तर प्रदेश पुलिस का एक निलंबित सिपाही विक्की गौतम था। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया था।
 
गौरतलब है कि 2 जून की रात बदमाशों ने उद्योगपति नरेंद्र कबाड़ी के आवास पर धावा बोल दिया था। बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा अन्य कीमती सामान लूट लिया था। लूटे गए माल की अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई गई थी। घटना के बाद पूरे जनपद में सनसनी फैल गई थी और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था।
 
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तत्काल दस विशेष टीमों का गठन कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
 
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट का माल, हथियार और वारदात में प्रयुक्त अन्य सामान भी बरामद किया है। अधिकारियों के अनुसार पूरे गिरोह के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
 
डीआईजी मेरठ रेंज ने इस सफलता के लिए पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि संगठित अपराध और गंभीर वारदातों में शामिल अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Comments

Back to Top