माध्यमिक शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, दो अपर शिक्षा निदेशकों के तबादले
जनपत की खबर Jun 01, 2026 at 02:50 PM , 251 जून को सहारनपुर दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री, अधिकारियों संग समीक्षा बैठक कर देंगे आवश्यक दिशा-निर्देश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने माध्यमिक शिक्षा विभाग में महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल करते हुए अपर शिक्षा निदेशक स्तर के दो वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी कर दिए हैं। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
माध्यमिक शिक्षा अनुभाग-6 की ओर से जारी आदेश के मुताबिक वर्तमान में प्रभारी शिक्षा निदेशक (बेसिक) के पद पर कार्यरत प्रताप सिंह बघेल को प्रभारी शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) उत्तर प्रदेश, प्रयागराज/लखनऊ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, प्रभारी निदेशक साक्षरता एवं वैकल्पिक शिक्षा के पद पर कार्यरत अनिल भूषण चतुर्वेदी को प्रभारी शिक्षा निदेशक (बेसिक), उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पद पर तैनात किया गया है।
शासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दोनों अधिकारी अपनी नई तैनाती स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण कर उसकी सूचना शासन को उपलब्ध कराएं। यह आदेश 1 जून 2026 को जारी किया गया है और इसे तत्काल प्रभाव से लागू माना जाएगा।
शिक्षा विभाग में हुए इस बदलाव को प्रशासनिक कार्यों में बेहतर समन्वय, दक्षता और विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जोड़कर देखा जा रहा है। अधिकारियों की नई तैनाती के बाद बेसिक और माध्यमिक शिक्षा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों और योजनाओं के संचालन में नई गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।
सूत्रों का मानना है कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने के लिए लगातार प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक बदलाव कर रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में यह परिवर्तन महत्वपूर्ण माना जा रहा है।































Comments