1 जून को सहारनपुर दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री, अधिकारियों संग समीक्षा बैठक कर देंगे आवश्यक दिशा-निर्देश

जनपत की खबर , 20

लखनऊ/सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 1 जून को सहारनपुर जनपद के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री प्रसिद्ध मां शाकुम्भरी देवी धाम पहुंचकर वहां चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 3:35 बजे हेलीकॉप्टर से मां शाकुम्भरी देवी मंदिर परिसर पहुंचेंगे। यहां वह लगभग 30 मिनट तक धाम क्षेत्र में संचालित विकास परियोजनाओं, आधारभूत सुविधाओं और निर्माण कार्यों का निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री विशेष रूप से श्रद्धालुओं की सुविधाओं, पर्यटन विकास और धाम के सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे।

स्थलीय निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति, निर्माण परियोजनाओं की गुणवत्ता, समयबद्ध क्रियान्वयन और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। मुख्यमंत्री संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे।

कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम 4:35 बजे मां शाकुम्भरी देवी धाम से रवाना होकर 4:50 बजे सरसावा एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद शाम 4:55 बजे राजकीय विमान से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे और शाम 5:55 बजे अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह सतर्क है। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। धाम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है, जबकि यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।

मुख्यमंत्री का यह दौरा मां शाकुम्भरी देवी धाम को धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों का मानना है कि मुख्यमंत्री की समीक्षा के बाद विकास कार्यों को और गति मिलेगी।

Related Articles

Comments

Back to Top