उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ लखनऊ की कालातीत ब्लॉक इकाइयों में चुनाव का ऐलान, 10 मई को होंगे नामांकन

जनपत की खबर , 19

लखनऊ, 4 मई 2026।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जनपद लखनऊ शाखा की समस्त ब्लॉक इकाइयों के कालातीत हो जाने के बाद जिला कार्यसमिति ने इन इकाइयों में निर्वाचन कराने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में जनपद की सभी ब्लॉक इकाइयों के अध्यक्ष, मंत्री एवं कोषाध्यक्ष पदों के लिए निर्वाचन कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची का प्रकाशन 30 अप्रैल 2026 को पूर्वाह्न 10 बजे किया जा चुका है। निर्वाचन पर्यवेक्षक के रूप में प्रांतीय मंत्री एवं उन्नाव जिलाध्यक्ष श्री बृजेश पाण्डेय तथा निर्वाचन अधिकारी के रूप में मंडल लखनऊ के मंडलीय संगठन मंत्री श्री राजेश शुक्ला को नामित किया गया है।
निर्वाचन कार्यक्रम के तहत सभी विकासखंडों के अध्यक्ष, मंत्री और कोषाध्यक्ष पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया 10 मई 2026 को प्रातः 10 बजे से अपराह्न 2 बजे तक संपन्न होगी। प्रत्याशियों की अंतिम सूची का प्रकाशन उसी दिन सायं 3 बजे किया जाएगा।
नामांकन की प्रक्रिया उच्च प्राथमिक विद्यालय आलमबाग, बल्दी खेड़ा, पिकैडिली होटल के निकट, कानपुर रोड, लखनऊ स्थित जिला मुख्यालय पर संपन्न कराई जाएगी। संघ ने स्पष्ट किया है कि जनपद की सभी ब्लॉक इकाइयों के प्रत्याशियों को यहीं नामांकन दाखिल करना होगा।
यदि किसी ब्लॉक में मतदान की आवश्यकता हुई तो मतदान 15 मई 2026 को संबंधित ब्लॉक के ब्लॉक संसाधन केंद्र पर अपराह्न 1:30 बजे से सायं 4 बजे तक कराया जाएगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना होगी और मतगणना पूर्ण होने के बाद उसी दिन परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुसार अध्यक्ष, मंत्री और कोषाध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र तभी वैध माना जाएगा, जब उस पर संबंधित ब्लॉक की मतदाता सूची के 5 प्रस्तावकों और 5 समर्थकों के हस्ताक्षर होंगे। प्रस्तावक और समर्थक निर्वाचन अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर अपने हस्ताक्षर की पुष्टि भी करेंगे।
संघ की ओर से यह भी निर्धारित किया गया है कि किसी भी पद के लिए नामांकन शुल्क प्रति नामांकन पत्र 2000 रुपये होगा।
प्रदेश कार्यसमिति के निर्णय के अनुसार अध्यक्ष एवं मंत्री पदों के चुनाव में मतगणना के बाद दूसरे स्थान पर रहने वाला प्रत्याशी यदि कुल मतदान का 30 प्रतिशत या उससे अधिक मत प्राप्त करता है, तो उसे संबंधित ब्लॉक की संघर्ष समिति का अध्यक्ष अथवा मंत्री घोषित किया जाएगा।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, जनपद लखनऊ ने जनपद के समस्त शिक्षकों और सदस्यों से निर्वाचन कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।

Related Articles

Comments

Back to Top