UP शिक्षा सेवा चयन आयोग की सहायक आचार्य पुनर्परीक्षा शांतिपूर्ण सम्पन्न, AI कंट्रोल रूम से 53 केंद्रों की हुई निगरानी

जनपत की खबर , 29

लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा सहायक आचार्य भर्ती (विज्ञापन संख्या-51) के तहत 17 विषयों की लिखित पुनर्परीक्षा शनिवार, 18 अप्रैल 2026 को प्रदेश के 6 जनपदों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित हुई, जिसमें हजारों अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया।
यह पुनर्परीक्षा आगरा, मेरठ, लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर और वाराणसी के कुल 53 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक चली।
परीक्षा की निगरानी आयोग मुख्यालय में स्थापित अत्याधुनिक AI Integrated Control Command Room से की गई। आयोग के अध्यक्ष Dr. Prashant Kumar, सचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं उपसचिव की मौजूदगी में सभी केंद्रों की गतिविधियों पर सतत नजर रखी गई। केंद्रों पर लगाए गए AI कैमरों के माध्यम से परीक्षार्थियों की गतिविधियों की लाइव मॉनिटरिंग की गई, जिससे परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाया जा सका।
इस दौरान लखनऊ के गोमतीनगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, विनयखंड-4 केंद्र पर परीक्षा शुरू होने से पहले प्राचार्य कक्ष में एसी वायरिंग में आग लगने की सूचना मिली। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल आग पर काबू पा लिया। जिला प्रशासन के नोडल अधिकारी और आयोग के प्रेक्षक की मौजूदगी में केंद्र की व्यवस्था तत्काल बदली गई और परीक्षा बिना किसी बाधा के सकुशल सम्पन्न कराई गई।
आयोग के अनुसार प्रदेश के सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, समयबद्ध, शुचितापूर्ण और निर्विघ्न ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा में कुल 19,718 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें 41.35 प्रतिशत महिला तथा 58.65 प्रतिशत पुरुष परीक्षार्थी रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top