नोएडा में श्रमिक विवाद पर सख्ती: CP लक्ष्मी सिंह का बड़ा बयान, 300 से अधिक गिरफ्तार, बाहरी फंडिंग की जांच शुरू
जनपत की खबर Apr 14, 2026 at 10:28 AM , 88नोएडा। लक्ष्मी सिंह ने नोएडा में जारी श्रमिक विवाद को लेकर बड़ा बयान देते हुए बताया कि हालात पर पूरी तरह नियंत्रण है और प्रशासन लगातार स्थिति की मॉनिटरिंग कर रहा है।
सीपी ने कहा कि सुबह 5 बजे से ही पुलिस द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में रूट मार्च किया जा रहा है। आज सुबह श्रमिक तीन अलग-अलग स्थानों पर एकत्र हुए थे, जिन्हें पुलिस और प्रशासन ने त्वरित वार्ता के जरिए मात्र 15 मिनट के भीतर शांतिपूर्वक हटा दिया।
उन्होंने जानकारी दी कि पिछले दिन से ही मौके पर मौजूद हाई पावर कमेटी ने सभी हितधारकों के साथ लंबी और विस्तृत बैठकें की हैं। इन बैठकों के आधार पर कुछ महत्वपूर्ण सिफारिशें तैयार की गई हैं, जिनकी घोषणा आज सुबह 11:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस में की जाएगी। वेतन वृद्धि को लेकर भी आज ही कोई ठोस निर्णय सामने आने की संभावना है।
सीपी लक्ष्मी सिंह ने श्रमिकों से अपील की कि वे अपने-अपने कार्यस्थलों पर लौटें और गौतम बुद्ध नगर में शांति और व्यवस्था बनाए रखें। उन्होंने आश्वस्त किया कि उत्तर प्रदेश सरकार श्रमिकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और उनके समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
संगठित साजिश के संकेत, जांच तेज
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पिछले दो दिनों में कई व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर क्यूआर कोड के जरिए श्रमिकों को जोड़ा जा रहा था। इससे किसी संगठित और सुनियोजित गिरोह की भूमिका की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने ऐसे कुछ संदिग्ध तत्वों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
सीपी ने स्पष्ट किया कि इन गतिविधियों की फंडिंग की भी जांच की जा रही है। यदि यह पाया जाता है कि आर्थिक सहायता देश या राज्य के बाहर से मिली है, तो संबंधित धाराओं में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
7 एफआईआर दर्ज, 300 से ज्यादा गिरफ्तार
पिछले दो दिनों में हुई घटनाओं के संबंध में 7 एफआईआर दर्ज की गई हैं और अब तक 300 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने उन लोगों को भी हिरासत में लिया है, जिन्होंने भीड़ को भड़काने का काम किया। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
प्रशासन की सख्ती और लगातार मॉनिटरिंग से साफ संकेत है कि नोएडा में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किसी भी तरह की अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।































Comments