आंबेडकर जयंती पर सीएम योगी का संदेश: “शिक्षा, समानता और न्याय के मार्ग पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि”

जनपत की खबर , 30

लखनऊ। आंबेडकर जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को संदेश जारी कर डॉ. भीमराव आंबेडकर को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि आंबेडकर जयंती केवल एक स्मृति दिवस नहीं, बल्कि भारतीय संविधान के शिल्पकार के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।
सीएम योगी ने अपने संदेश में कहा कि बाबासाहेब की दूरदृष्टि और विचारों ने करोड़ों लोगों को गरिमामयी जीवन का अधिकार दिलाया। उनके विजन, मिशन और समर्पण ने भारत के सामाजिक एवं आर्थिक ढांचे को नई दिशा दी। उन्होंने विशेष रूप से शिक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में आंबेडकर जी के योगदान को अमूल्य बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबासाहेब ने “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” का जो मंत्र दिया, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है। अपने समय के सर्वाधिक शिक्षित व्यक्तियों में शामिल आंबेडकर जी का अध्ययन के प्रति समर्पण अद्भुत था—वे प्रतिदिन 16 से 18 घंटे अध्ययन करते थे और उनके पास 35 हजार से अधिक पुस्तकों का विशाल संग्रह था।
सीएम योगी ने आंबेडकर जी को एक महान न्यायविद, अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ और संवेदनशील समाज सुधारक बताते हुए कहा कि उन्होंने राजकोषीय संघवाद जैसे महत्वपूर्ण विचार देश को दिए। उनके जीवन की एक प्रेरक घटना का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि बाबासाहेब की संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण उनके व्यवहार में स्पष्ट झलकता था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बाबासाहेब के विचारों को आत्मसात करते हुए गरीब, वंचित, महिला और युवाओं के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राशन, आवास, शौचालय और स्वास्थ्य सेवाओं जैसी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाकर सरकार उनके जीवन को सशक्त बना रही है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे आंबेडकर जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और एक समतामूलक, सशक्त एवं विकसित समाज के निर्माण में योगदान दें।

Related Articles

Comments

Back to Top