लखनऊ में ‘स्कूल चलो अभियान’ की जोरदार शुरुआत: प्रभात फेरी, प्रवेश उत्सव और निशुल्क पुस्तकों के वितरण से बढ़ा नामांकन का उत्साह

जनपत की खबर , 137

लखनऊ। राजधानी के नगर क्षेत्र जोन-1 स्थित अलीनगर सुनहरा विद्यालय में ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत जागरूकता रैली और प्रवेश उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस दौरान बच्चों ने प्रभात फेरी निकालकर लोगों को अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने और नए नामांकन कराने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय परिसर को रंगोली और फूलों से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय नजर आया। कार्यक्रम में प्रभारी प्रधानाध्यापक राकेश पाण्डेय एवं शिक्षा मित्र सुनीता यादव ने नव प्रवेशित बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया, जिससे बच्चों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रथम कार्य दिवस पर ही बच्चों को निशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया गया। साथ ही उन्हें बिस्कुट एवं अन्य सामग्री भी प्रदान की गई। इस अवसर पर अभिभावक और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिन्होंने अभियान की सराहना की।
खण्ड शिक्षा अधिकारी डॉ. पूनम मिश्रा ने बताया कि 15 अप्रैल तक नगर क्षेत्र जोन-1 के सभी विद्यालयों में ‘स्कूल चलो अभियान’ चलाया जाएगा, जिसका उद्देश्य शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना है।
इस पहल के माध्यम से शिक्षा विभाग का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और सभी बच्चों को विद्यालय से जोड़कर उनके भविष्य को बेहतर बनाया जा सके।

Related Articles

Comments

Back to Top