बदायूं में 5.08 करोड़ के गबन मामले में फरार उप-लेखाकार गिरफ्तार, EOW की बड़ी कार्रवाई
राष्ट्रीय Mar 29, 2026 at 08:30 PM , 28लखनऊ, 29 मार्च 2026। आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (EOW), उत्तर प्रदेश की टीम ने बदायूं के दातागंज उप-कोषागार में करोड़ों रुपये के गबन मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
EOW के अनुसार, दातागंज उप-कोषागार में स्टाम्प बिक्री से प्राप्त ₹5,08,98,110 की सरकारी धनराशि राजकीय कोष में जमा न कर गबन करने का मामला सामने आया था। इस संबंध में थाना दातागंज, जनपद बदायूं में वर्ष 2019 में मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान मामला उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन को सौंपा गया। विवेचना में तत्कालीन अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा साजिश के तहत सरकारी धन के गबन की पुष्टि हुई।
इस प्रकरण में आरोपी राजेश सगर, जो उस समय उप-कोषागार दातागंज में उप-लेखाकार के पद पर तैनात था, लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था।
लगातार प्रयासों के बाद EOW की लखनऊ टीम ने 29 मार्च 2026 को आरोपी को थाना सिविल लाइंस क्षेत्र, बदायूं से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 409, 467, 468, 471, 477ए, 120बी तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
EOW अधिकारियों के अनुसार, मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।































Comments