पश्चिम एशिया संकटः भारतीय दूतावासों की चौबीसों घंटे निगरानी शुरू
जनपत की खबर Mar 02, 2026 at 08:15 PM , 161नई दिल्ली। ईरान पर अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों के बाद पश्चिम एशिया में एक बड़े क्षेत्रीय युद्ध का खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में भारतीय विदेश मंत्रालय के साथ ही क्षेत्र के कई देशों में स्थित भारतीय मिशन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गए हैं। एक ओर जहां विदेश मंत्रालय ने अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक राजनयिक और रसद संबंधी प्रयास शुरू कर दिए हैं। वहीं दूसरी ओर भारतीय मिशनों के अधिकारी बिगड़ती सुरक्षा स्थिति और कई उड़ानें रद्द होने के कारण फंसे हजारों भारतीय नागरिकों के साथ लगातार संपर्क में हैं।
शनिवार को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों और ईरान की ओर से जवाबी कार्रवाई के बाद हवाई क्षेत्र पर लगाए गए प्रतिबंधों के कारण मध्य पूर्व और भारत सहित अन्य देशों में सैकड़ों उड़ानें बाधित हुई हैं। यही वजह है कि इजरायल, ईरान, कुवैत, कतर और यूएई जैसे देशों में स्थित भारतीय मिशनों ने भारतीय समुदाय की सुरक्षा, सटीक स्थिति और तत्काल आवश्यकताओं की निगरानी के लिए ‘चौबीसों घंटे-सातों दिन’ संचार चैनल स्थापित किए हैं।
कुवैत स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कुछ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कुवैत में भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने क्षेत्रीय सुरक्षा की बदलती स्थिति को देखते हुए एयरस्पेस बंद होने की वजह से कुवैत में फंसे भारतीय नागरिकों से मुलाकात की। कई भारतीय नागरिक कुवैत एयरपोर्ट से निकल चुके हैं और कुवैत सिटी के अलग-अलग होटलों में रुके हुए हैं, जबकि कुछ दूसरे एयरपोर्ट के होटलों में हैं। दूतावास ने कहा कुवैत में उनके रहने का ध्यान रखने के लिए इंतजाम किए गए हैं। दूतावास लगातार संबंधित एयरलाइंस के संपर्क में है और कुवैती अधिकारियों और एयरलाइंस को उनके अच्छे सपोर्ट के लिए धन्यवाद देता है।
इससे पहले इजरायल स्थित भारतीय दूतावास ने एक पोस्ट में लिखा भारतीय दूतावास इजरायल में भारतीय समुदाय के साथ लगातार संपर्क में है, जिसमें टूरिस्ट, शॉर्ट-टर्म बिजनेस विजिटर और मीडिया के लोग शामिल हैं, जो अभी देश में हैं और मौजूदा हालात से प्रभावित हैं। इसके अलावा कतर स्थित भारतीय दूतावास ने अपनी एक एडवाइजरी में बताया कि चूंकि 2 मार्च को दोहा बंद रहेगा, मगर इस दौरान भारतीय दूतावास भारतीय मूल के लोगों की किसी भी प्रकार की सहायता के लिए अपनी इमरजेंसी सेवाएं जारी रखेगा।
वहीं दूसरी ओर पश्चिम एशिया में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के कारण उड़ानों के रद्द होने के मद्देनजर, भारतीय विदेश मंत्रालय ने विदेशी नागरिकों से आग्रह किया है कि यदि उन्हें वीजा विस्तार में सहायता की आवश्यकता हो या अपने प्रवास को नियमित करने की आवश्यकता हो तो वे अपने निकटतम विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) से संपर्क करें।































Comments