पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: बोलेरो पलटने से 3 की मौत, 5 गंभीर
जनपत की खबर Mar 01, 2026 at 06:15 PM , 141बाराबंकी। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा एक्सप्रेस-वे के 20 किलोमीटर प्वाइंट पर, लोनी कटरा थाना क्षेत्र में स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि वाहन में सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अन्य पांच घायलों को गंभीर अवस्था में तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेस-वे की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन का संतुलन बिगड़ना हादसे की वजह माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान
घटना की जानकारी मिलते ही योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने और घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की ओर इशारा करता है। पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की है।































Comments