नगर जोन-एक में ‘हमारा आंगन, हमारे बच्चे उत्सव’ में बच्चों की प्रतिभा का हुआ सम्मान, निपुण बच्चों व शिक्षकों को मिले प्रमाण पत्र
अन्य खबरे Feb 09, 2026 at 11:16 PM , 192लखनऊ।
प्रारंभिक शिक्षा को सुदृढ़ करने तथा आंगनवाड़ी और विद्यालयों के बीच समन्वय को मजबूती देने के उद्देश्य से ‘हमारा आंगन, हमारे बच्चे उत्सव’ का आयोजन वार्ड संसाधन केंद्र, हज़रतगंज (नगर जोन-एक) में उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नगर क्षेत्र जोन-एक एवं जोन-तीन के शिक्षकों और बच्चों ने सहभागिता की। नन्हे-मुन्ने बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी जोन-तीन, प्रमेन्द्र शुक्ला द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत गणेश वंदना एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई।
बेसिक विद्यालय औरंगाबाद के बच्चों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने पूरे कार्यक्रम में ऊर्जा और उत्साह का संचार किया, जबकि प्राथमिक विद्यालय किला मोहम्मदी नगर के बच्चों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
उत्सव के दौरान अध्ययन प्रस्तुतीकरण के माध्यम से शिक्षिका सुमन पाण्डेय द्वारा प्रारंभिक शिक्षा की महत्ता को प्रभावशाली ढंग से रेखांकित किया गया। वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालय 35 पीएसी, महानगर (जोन-तीन) की बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत मराठी नृत्य ने सांस्कृतिक विविधता की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
‘हमारा आंगन, हमारे बच्चे’ कार्यक्रम पर आधारित प्रस्तुतीकरण ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के जीवन का पहला शिक्षण स्थल होते हैं। इसके पश्चात प्रस्तुत ‘मेरे घर राम आएंगे’ नृत्य ने संस्कारों और सांस्कृतिक मूल्यों को मंच पर जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान सभी बच्चों को पुरस्कृत किया गया, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा। साथ ही निपुण बच्चों एवं नोडल शिक्षक/शिक्षक संकुलों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी जोन-तीन प्रमेन्द्र शुक्ला ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा को पहचान देने के साथ-साथ शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का मंच संचालन राकेश पाण्डेय द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे आयोजन को सहज, प्रभावशाली एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया। समापन अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी नगर क्षेत्र जोन-एक डॉ. पूनम मिश्रा ने शिक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं अभिभावकों के प्रयासों की सराहना करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।































Comments