लखनऊ में 22 फरवरी को लगेगा मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर

जनपत की खबर , 128

लखनऊ, 31 जनवरी 2026

माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं माननीय कार्यपालक अध्यक्ष/वरिष्ठ न्यायमूर्ति, उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार दिनांक 22 फरवरी 2026 को जनपद लखनऊ में मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के सचिव श्री जीवक कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त शिविर का आयोजन माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ श्री मलखान सिंह के कुशल निर्देशन में सुनिश्चित किया गया है। शिविर का उद्देश्य समाज के निर्बल एवं वंचित वर्गों को विधिक सहायता के साथ-साथ विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।

मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के नोडल अधिकारी श्री रवीन्द्र कुमार द्विवेदी, विशेष न्यायाधीश, सीबीआई सेंट्रल, लखनऊ ने बताया कि इस शिविर के माध्यम से दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, निर्धन वर्ग, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोगों को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं से जोड़ा जाएगा। शिविर में विधिक परामर्श, निःशुल्क कानूनी सहायता, लोक अदालत से संबंधित जानकारी तथा अन्य आवश्यक सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जाएंगी।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के सचिव श्री जीवक कुमार सिंह ने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे दिनांक 22 फरवरी 2026 को आयोजित मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर उपलब्ध सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ उठाएं, जिससे समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्याय एवं विधिक सहायता की पहुंच सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Comments

Back to Top