दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में योगी सरकार सक्रिय, राजस्थान की योजनाओं से लेगी प्रेरणा

जनपत की खबर , 148

लखनऊ। योगी सरकार दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से प्रदेश में संचालित योजनाओं को और प्रभावी बनाने हेतु अन्य राज्यों की सफल पहलों का अध्ययन किया जा रहा है।
इसी क्रम में पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने 28 से 30 जनवरी 2026 तक राजस्थान का अध्ययन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दिव्यांगजन सशक्तीकरण, सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और नवाचारों की गहन समीक्षा की।
जयपुर में प्रमुख सचिव एवं निदेशक स्तर के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में कृत्रिम अंगों की उपलब्धता, पुनर्वास सेवाएं, तकनीकी सहायता तथा नवाचारों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही इन योजनाओं की उत्तर प्रदेश में संचालित कार्यक्रमों से तुलनात्मक समीक्षा भी की गई।
अपने दौरे के दौरान मंत्री नरेंद्र कश्यप ने राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर विधानसभा की कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं संसदीय परंपराओं पर सार्थक चर्चा हुई।
मंत्री कश्यप ने जयपुर स्थित ‘भगवान महावीर दिव्यांग सहायता समिति’ का स्थलीय निरीक्षण भी किया, जहाँ दिव्यांगजनों को उच्च गुणवत्ता के कृत्रिम अंग, सहायक उपकरण तथा आधुनिक पुनर्वास सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
राजस्थान भ्रमण के अनुभवों को साझा करते हुए मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि प्राप्त जानकारियों के आधार पर उत्तर प्रदेश में दिव्यांगजनों के कल्याण, शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, पुनर्वास और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए एक ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे प्रदेश का हर दिव्यांग नागरिक सशक्त, सम्मानित और आत्मनिर्भर बन सके।

Related Articles

Comments

Back to Top