गणतंत्र दिवस पर सूचना निदेशक विशाल सिंह ने फहराया तिरंगा, अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाया संविधान निष्ठा का संकल्प

जनपत की खबर , 156

लखनऊ। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सूचना निदेशक श्री विशाल सिंह ने सोमवार को सूचना भवन परिसर में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान के प्रति निष्ठा और कर्तव्यपालन का संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर सूचना निदेशक ने सूचना भवन परिसर में आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। प्रदर्शनी में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की प्रमुख गतिविधियों के साथ-साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई। अपने संबोधन में श्री विशाल सिंह ने कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि एक स्वतंत्र राष्ट्र में जन्म लेने का अवसर मिला है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनके योगदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र वातावरण में अपने अधिकारों का उपयोग कर पा रहे हैं। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना में निहित मूल भावनाओं—न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व—को आत्मसात करने तथा अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनसे वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो गया। समारोह के समापन पर रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए, जो उत्साह और उल्लास के प्रतीक बने। इस अवसर पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

Related Articles

Comments

Back to Top