यूपी दिवस पर योगी सरकार का बड़ा तोहफा: ‘एक जनपद–एक व्यंजन’ से हर जिले को मिली नई पहचान
जनपत की खबर Jan 24, 2026 at 03:50 PM , 117लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने अपनी सांस्कृतिक और पाक विरासत को नई पहचान देते हुए एक और ऐतिहासिक पहल की है। प्रदेश के प्रत्येक जनपद के विशिष्ट व्यंजन को वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से ‘एक जनपद–एक व्यंजन’ (ODOP की तर्ज पर ODOC) योजना का शुभारंभ किया गया। उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर शनिवार को आयोजित भव्य समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयुक्त रूप से इस महत्वाकांक्षी पहल का उद्घाटन किया।
मुख्य समारोह के दौरान ‘एक जनपद–एक व्यंजन’ पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसमें प्रदेश की विविध खाद्य संस्कृति को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाली पांच विशिष्ट प्रतिभाओं को उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान से नवाजा गया। सम्मान स्वरूप प्रत्येक को 11 लाख रुपये, अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
इन विभूतियों को मिला उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान:
विंग कमांडर शुभांशु शुक्ल – अंतरिक्ष यात्रा
अलख पांडेय – शिक्षा, उद्यमिता एवं स्वावलंबन
सुश्री रश्मि आर्य – शिक्षा एवं नवाचार
डॉ. हरिओम पंवार – साहित्य
डॉ. सुधांशु सिंह – कृषि क्षेत्र
इसके साथ ही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा) के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच जनपदों के जिलाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।
सम्मानित जिलाधिकारी:
डॉ. दिनेश चंद्र – डीएम जौनपुर
रवींद्र कुमार – डीएम आजमगढ़
अनुनय झा – डीएम हरदोई
अनुपम शुक्ल – डीएम अंबेडकरनगर
मृदुल चौधरी – डीएम झांसी
राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर दिखा ‘संपूर्ण उत्तर प्रदेश’ का सांस्कृतिक वैभव
यूपी दिवस समारोह की शुरुआत वंदे मातरम् के सामूहिक गान से हुई। इसके पश्चात अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। थीम सांग ‘उत्तर प्रदेश–उत्तम प्रदेश’ ने प्रदेश की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और विकास यात्रा को भावनात्मक रूप से प्रस्तुत किया।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल के मंच पर ब्रज, बुंदेली, अवधी और भोजपुरी बोलियों के सांस्कृतिक संगम ने ‘संपूर्ण उत्तर प्रदेश’ की झलक पेश की। विभिन्न अंचलों से आए कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रदर्शनियों और योजनाओं का शुभारंभ
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने शिल्प मेला, ओडीओसी व्यंजन मेला और ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर संबंधित लघु फिल्मों का भी प्रदर्शन किया गया।
‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ योजना का शुभारंभ
उत्तर प्रदेश दिवस के मंच से गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ योजना का भी शुभारंभ किया। यह योजना प्रदेश में रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
बॉक्स:
एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री ने किया गृह मंत्री का स्वागत
- उत्तर प्रदेश दिवस समारोह में शामिल होने शनिवार सुबह लखनऊ पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एयरपोर्ट पर पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। मुख्य मंच पर मुख्यमंत्री द्वारा गृह मंत्री को स्मृति चिह्न भी प्रदान किया गया।

































Comments