भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर मोर्चा–प्रकोष्ठों की बैठक, 2027 के लक्ष्य को लेकर कार्यकर्ताओं को मिला मार्गदर्शन

अन्य खबरे , 134

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर गुरुवार को पार्टी के मोर्चों, प्रकोष्ठों और विभागों के अध्यक्ष/महामंत्री तथा संयोजक/सहसंयोजकों की बैठक संपन्न हुई। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों को प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री श्री पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह ने मार्गदर्शन दिया। बैठक का संचालन विभाग एवं प्रकोष्ठों के प्रभारी श्री ओमप्रकाश श्रीवास्तव ने किया।
प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री श्री पंकज चौधरी ने कहा कि विभागों और प्रकोष्ठों में कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं की भूमिका संगठन में अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। संगठन में कोई भी दायित्व छोटा या बड़ा नहीं होता, बल्कि हर जिम्मेदारी समान रूप से अहम होती है। कार्यकर्ता अपने परिश्रम, समर्पण और संगठनात्मक कौशल के बल पर पार्टी और समाज में विशिष्ट पहचान बनाता है।
उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों और क्षेत्रों तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने में विभागों और प्रकोष्ठों की निर्णायक भूमिका होती है। इनके माध्यम से विभिन्न सामाजिक समूहों से जुड़े लोगों को पार्टी से जोड़ा जाता है, जिससे संगठन और अधिक मजबूत बनता है।
श्री पंकज चौधरी ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब कल्याण, गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। देश आज आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार ने कानून-व्यवस्था, सुशासन, बुनियादी ढांचे के विकास और गरीब कल्याण के क्षेत्रों में नए मानक स्थापित किए हैं। उत्तर प्रदेश आज देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है और यह परिवर्तन भाजपा सरकार की नीतियों तथा दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है।
प्रदेश अध्यक्ष ने 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी को 2017 से भी बड़ी और ऐतिहासिक विजय के लक्ष्य के साथ अभी से जुट जाना होगा। प्रत्येक कार्यकर्ता को संपर्क, संवाद और सेवा के भाव के साथ जनता के बीच जाकर कार्य करना होगा तथा संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ निर्वहन करना होगा।
उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई सकारात्मक एजेंडा नहीं है और वह झूठ, भ्रम व दुष्प्रचार के माध्यम से जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन भाजपा का जागरूक और प्रतिबद्ध कार्यकर्ता तथ्यों और सच्चाई के साथ विपक्ष के हर झूठ को बेनकाब करेगा।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता-आधारित और विचारधारा-प्रधान संगठन है। पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति उसका अनुशासित, समर्पित और प्रशिक्षित कार्यकर्ता है, जो हर परिस्थिति में संगठन के साथ खड़ा रहता है।
उन्होंने कहा कि मोर्चा, विभाग और प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता पार्टी और समाज के बीच सेतु का कार्य करते हैं। इन्हीं के माध्यम से पार्टी की नीतियां, सरकार की योजनाएं और संगठन का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचता है। संगठन की मजबूती का आधार यही इकाइयां हैं, जो निरंतर संपर्क, संवाद और सेवा के माध्यम से जनविश्वास को सुदृढ़ करती हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन की योजनानुसार जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए और सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाना चाहिए, ताकि संगठन और समाज के बीच विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।

Related Articles

Comments

Back to Top