मिशन शक्ति 5.0 के तहत सोनभद्र में व्यापक जन-जागरूकता अभियान, महिलाओं की सुरक्षा पर जोर
अन्य खबरे Jan 09, 2026 at 03:50 PM , 94सोनभद्र। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत जनपद सोनभद्र में पुलिस द्वारा व्यापक एवं प्रभावी जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच बनाते हुए महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा पुलिस द्वारा उपलब्ध सहायता संसाधनों की जानकारी देना रहा।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी यातायात डॉ. चारु द्विवेदी (सहायक नोडल अधिकारी, मिशन शक्ति 5.0) के नेतृत्व में जनपद के सभी थानों की मिशन शक्ति टीमों ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों एवं प्रमुख चौराहों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
इन कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराधों से बचाव, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ और कार्यस्थल पर उत्पीड़न जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही आपात परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं तथा आत्मरक्षा से जुड़े उपयोगी और व्यावहारिक सुझाव भी साझा किए गए। महिलाओं को निर्भय होकर पुलिस से संपर्क करने और किसी भी घटना की सूचना तत्काल देने के लिए प्रेरित किया गया।
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर:
112 – आपातकालीन सेवा
1090 / 1091 – महिला सुरक्षा हेल्पलाइन
181 – महिला हेल्पलाइन
1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन
1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
सोनभद्र पुलिस ने जनसामान्य से अपील की है कि महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित किसी भी आपात स्थिति या अपराध की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने अथवा उपरोक्त हेल्पलाइन नंबरों पर दें। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और विश्वास बनाए रखना सोनभद्र पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।



























Comments