सोशल मीडिया पोस्ट मामले में लोक गायिका नेहा सिंह राठौर से लखनऊ पुलिस की पूछताछ, हिरासत से किया इनकार

जनपत की खबर , 142

लखनऊ। पहलगाम आतंकी हमले के दौरान सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में लोक गायिका नेहा सिंह राठौर से लखनऊ पुलिस ने पूछताछ की। सुप्रीम कोर्ट से राहत न मिलने के बाद नेहा सिंह राठौर शनिवार को अपने पति के साथ हजरतगंज थाने पहुंचीं, जहां उन्होंने अपना बयान दर्ज कराया।
हजरतगंज पुलिस की ओर से नेहा सिंह राठौर को पूछताछ के लिए नोटिस भेजे गए थे। पुलिस के अनुसार, उन्हें महिला थाना हजरतगंज ले जाया गया, जहां आवश्यक पूछताछ की गई। देर रात होने के कारण उन्हें छोड़ दिया गया और आगे की पूछताछ के लिए रविवार को दोबारा बुलाया गया है।
इस बीच नेहा सिंह राठौर के पति ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी पत्नी को हिरासत में नहीं लिया गया है। उन्होंने बताया कि करीब 15 दिन पहले पहला नोटिस मिला था, लेकिन उस समय नेहा का स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण पुलिस से समय मांगा गया था। शनिवार को दूसरा नोटिस घर के बाहर चस्पा किया गया था, जिसके बाद वे स्वयं पुलिस थाने पहुंचे।
उन्होंने कहा, “हम नोटिस मिलने के बाद खुद कैब से कोतवाली आए हैं। पुलिस जांच में हम पूरा सहयोग करेंगे और जो भी जानकारी मांगी जाएगी, वह उपलब्ध कराई जाएगी।”
फिलहाल पुलिस ने आधिकारिक तौर पर किसी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Comments

Back to Top