प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी से 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का किया वर्चुअल शुभारंभ
जनपत की खबर Jan 04, 2026 at 08:33 PM , 119लखनऊ।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज डॉ. सम्पूर्णानन्द स्पोर्ट्स स्टेडियम, सिगरा, वाराणसी में आयोजित 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शुभारंभ किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि वाराणसी से सांसद होने के नाते देशभर से आए सभी खिलाड़ियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। देश के 28 राज्यों की टीमों की सहभागिता इस प्रतियोगिता को ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का सजीव उदाहरण बनाती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए खिलाड़ियों ने अथक परिश्रम किया है और आने वाले दिनों में वाराणसी की धरती पर उनके कौशल और संकल्प की परीक्षा होगी।
प्रधानमंत्री ने वॉलीबॉल को संतुलन, सहयोग और टीम भावना का खेल बताते हुए कहा कि यह खेल सिखाता है कि कोई भी जीत अकेले संभव नहीं होती। सफलता समन्वय, विश्वास और प्रत्येक खिलाड़ी की जिम्मेदारी निभाने से ही मिलती है। उन्होंने भारत के विकास की कहानी की तुलना वॉलीबॉल से करते हुए कहा कि देश की प्रगति भी सामूहिक प्रयासों पर आधारित है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता, डिजिटल भुगतान, ‘एक पेड़ मां के नाम’ और विकसित भारत अभियान जैसी पहलों में हर नागरिक की भागीदारी से देश आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2014 के बाद से खेलों में भारत के प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और आज भारत का खेल मॉडल पूरी तरह खिलाड़ी-केंद्रित हो गया है, जिसमें वैज्ञानिक प्रशिक्षण, पोषण, पारदर्शी चयन और प्रतिभा की पहचान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि सरकार द्वारा राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम, खेलो भारत नीति-2025 और ‘टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS)’ जैसी पहलों से खेलों का बुनियादी ढांचा सशक्त हुआ है। भारत ने बीते दशक में फीफा अंडर-17 विश्व कप, हॉकी विश्व कप और अंतरराष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिताओं सहित 20 से अधिक अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की मेजबानी की है। उन्होंने कहा कि भारत वर्ष 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों और 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भी प्रयासरत है।
प्रधानमंत्री ने ‘खेलो इंडिया’ और ‘सांसद खेल महोत्सव’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इन अभियानों से लाखों युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। वाराणसी में आधुनिक खेल सुविधाओं का विकास हो रहा है और सिगरा स्थित डॉ. सम्पूर्णानन्द स्पोर्ट्स स्टेडियम खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण का मंच प्रदान कर रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले 11 वर्षों में देश में एक नई खेल संस्कृति विकसित हुई है। ‘खेलो इंडिया’, ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ और राज्य स्तर पर आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं ने खेल को जन-आंदोलन का रूप दिया है। उन्होंने कहा कि 43 वर्षों के बाद उत्तर प्रदेश में आयोजित यह सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप प्रधानमंत्री के विजन और प्रेरणा का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस चैंपियनशिप में 30 पुरुष और 28 महिला टीमों सहित कुल 58 टीमें भाग ले रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा गांव से लेकर जनपद और विकासखंड स्तर तक खेल अधोसंरचना विकसित की जा रही है, जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश के खिलाड़ी ओलंपिक, कॉमनवेल्थ और विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्टेडियम के विभिन्न खेल प्रभागों का निरीक्षण किया और खिलाड़ियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
उल्लेखनीय है कि 4 से 11 जनवरी, 2026 तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में देशभर की 58 टीमों के 1,000 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। यह चैंपियनशिप न केवल उच्चस्तरीय खेल प्रतिस्पर्धा का मंच है, बल्कि वाराणसी को राष्ट्रीय खेल आयोजनों के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है।
कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कंवर सहित अनेक गणमान्य नागरिक और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।































Comments