मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण की अंतिम तिथि 26 दिसंबर तक बढ़ी: पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर कर सकेंगे नाम शामिल

जनपत की खबर , 184

लखनऊ, 12 दिसम्बर 2025

मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवदीप रिणवा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने गणना चरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 26 दिसंबर 2025 कर दी है। प्रदेश में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए, इसके लिए सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के पास पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6 और घोषणा पत्र उपलब्ध रहें। साथ ही ऐसे नागरिकों को चिन्हित किया जाए, जो 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं और वर्ष 2025 की मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ऐसे मतदाता, जो अपने पूर्व पते से स्थानांतरण के कारण गणना प्रपत्र नहीं भर सके हैं, वे फॉर्म-6 के माध्यम से अपना नाम दर्ज करवा सकते हैं। इसके अलावा जिन नागरिकों का नाम 2025 की मतदाता सूची में नहीं है, या जो युवा 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, वे भी मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। पात्र नागरिक घोषणा पत्र व आवश्यक दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 ऑनलाइन (voters.eci.gov.in) या ऑफलाइन BLO के माध्यम से जमा कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि फॉर्म-6 के साथ निम्न में से कोई एक स्वसत्यापित दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा—सरकारी पहचान पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर, भूमि/मकान आवंटन पत्र आदि। आधार से संबंधित प्रक्रिया आयोग के 09.09.2025 के निर्देशों के अनुसार होगी।

Related Articles

Comments

Back to Top