*देश भर से 2 लाख शिक्षक जाएंगे दिल्ली।* *टेट मामले में महारैली में एक लाख शिक्षक यूपी से जाएंगे।*
जनपत की खबर Nov 09, 2025 at 05:10 PM , 337लखनऊ।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की कार्यसमिति के पदाधिकारियों तथा समस्त जनपदों के अध्यक्ष व मंत्रियों की संयुक्त बैठक आज दिनांक 9 नवंबर, 2025 को संघ कार्यालय 87/9, शिक्षक भवन, रिसालदार, लखनऊ में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष डॉ दिनेश चंद्र शर्मा तथा संचालन संघ के महामंत्री संजय सिंह ने किया। बैठक में संगठन के अध्यक्ष डॉ दिनेश चंद्र शर्मा को टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ( टी एफ आई ) का अध्यक्ष निर्वाचित होने पर सभी सदस्यों द्वारा हर्ष व्यक्त किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष डॉ दिनेश चंद्र शर्मा ने कहा कि दिनांक 1 सितंबर, 2025 को माननीय सुप्रीम कोर्ट के आदेश जिसमें सेवा में बने रहने के लिए सभी शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा टीईटी उत्तीर्ण करना अनिवार्य किया गया है, के विरुद्ध संगठन माननीय न्यायालय में लड़ाई लड़ने के अतिरिक्त सभी शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता समाप्त किए जाने हेतु आंदोलन करके भारत सरकार तथा एनसीईटी से भी अनुरोध करेगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जनपद में रैली में जाने के लिए ब्लाकवार शिक्षकों की संख्या निर्धारित कर दी गई है , साथ ही शिक्षकों को ले जाने की व्यवस्था हेतु प्रत्येक ब्लॉक के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।डॉक्टर शर्मा ने बताया कि अब तक देश के 14 राज्य संगठन के सदस्य बन चुके हैं तथा सभी राज्यों से भारी संख्या में शिक्षक दिल्ली की महारैली में पहुंचेंगे।
महामंत्री संजय सिंह ने कहा कि सभी कार्यरत शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण किए जाने की अनिवार्यता किए जाने के विरोध में पूरे देश के शिक्षक टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले दिनांक 5 दिसंबर, 2025 को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली करेंगे। बैठक में सर्वसम्मत तय किया गया कि टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (टी एफ आई ) के बैनर तले, दिनांक 5 दिसंबर, 2025 को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली महारैली में सभी जनपद अपने विकासखंड से, निर्धारित संख्या के अनुसार उपस्थित होंगे।
बैठक में संघ के कोषाध्यक्ष श्री शिव शंकर पांडे, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री राधे रमण त्रिपाठी तथा संयुक्त महामंत्री श्री देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव इत्यादि पदाधिकारी उपस्थित रहे।































Comments