*उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने प्रधानमंत्री को दिया धन्यवाद*

जनपत की खबर , 47

*बनारस-खजुराहो और लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत ट्रेनों से उत्तर प्रदेश में पर्यटन को मिलेगा नया आयाम*
*- जयवीर सिंह*

*लखनऊ : 08 नवंबर 2025* 
             प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (08 नवंबर) को बनारस स्टेशन (पूर्व का मंडुवाडीह) से चार वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया, जिनमें बनारस-खजुराहो और लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन भी शामिल है। इन दो नई ट्रेनों के जुड़ने से उत्तर प्रदेश में आधुनिक, तेज और सुविधाजनक यात्रा के एक नए अध्याय का शुभारंभ हुआ। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा, ‘अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित वंदे भारत ट्रेनें न केवल यात्राओं को गति देंगे, बल्कि पर्यटन एवं संस्कृति के आदान-प्रदान का भी मार्ग प्रशस्त करेंगे।'
                वंदे भारत ट्रेनों के संचालन को ऐतिहासिक कदम बताते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि 'इन हाई-स्पीड, आधुनिक और आरामदायक ट्रेनों से काशी, प्रयागराज, लखनऊ, सहारनपुर और बुंदेलखंड क्षेत्र तक पर्यटकों की पहुंच और सुगम व तेज हो जाएगी। इससे न केवल पर्यटन को नई दिशा और विस्तार मिलेगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति और रोजगार के अवसरों में वृद्धि भी होगी।'
                 मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश  में पर्यटन सुविधाओं के सतत विकास और यात्रियों की सुविधा आधारित नीतियों के चलते राज्य में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि महादेव की पावन नगरी वाराणसी में वर्ष 2024 में जहां पूरे वर्ष में 11,00,97,743 पर्यटक आए थे, वहीं वर्ष 2025 के जनवरी से जून की पहली छमाही में ही यह संख्या 12,96,86,521 तक पहुंच गई है। इसी तरह राजधानी लखनऊ में वर्ष 2024 में 82,74,154 पर्यटकों का आगमन हुआ था, जबकि वर्तमान वर्ष के पहले छह माह में ही 70,20,492 पर्यटक यहां भ्रमण कर चुके हैं। सहारनपुर में भी पर्यटन की रफ्तार बढ़ी है, जहां वर्ष 2025 के जनवरी से जून के बीच कुल 1,38,276 पर्यटक पहुंचे। मंत्री ने इसे राज्य में बढ़ती सुगम, सुरक्षित एवं अनुभव आधारित पर्यटन व्यवस्था का स्पष्ट संकेत बताया।'
                 पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार दोगुनी रफ्तार से आगे बढ़ रही है। वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में पर्यटन विकास ने नए आयाम को छुआ है। प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई वंदे भारत ट्रेनें हमारे राज्य के लिए परिवर्तन का सेतु बनेंगी। ये ट्रेनें पर्यटकों को उत्तर प्रदेश की संस्कृति, आस्था, विरासत और पर्यटन स्थलों से जोड़ने में कारगर सिद्ध होगी।'

Related Articles

Comments

Back to Top