बेसिक विद्यालय अलीनगर सुनहरा में धूमधाम से मनाई गई सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती व राष्ट्रीय एकता दिवस
जनपत की खबर Oct 31, 2025 at 04:50 PM , 163लखनऊ
नगर क्षेत्र के जोन एक अंतर्गत स्थित बेसिक विद्यालय अलीनगर सुनहरा में आज सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस बड़े ही उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्रधानाध्यापक राकेश कुमार पाण्डेय ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपने अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व के बल पर देश की 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत का निर्माण किया। उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। राष्ट्रीय एकता दिवस हमें यह प्रेरणा देता है कि हम देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को सदैव बनाए रखें।”
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत व दीप प्रज्वलन से की गई। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण और एक नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से सरदार पटेल के जीवन और योगदान को भावपूर्ण तरीके से प्रस्तुत किया। पूरे विद्यालय परिसर में देशभक्ति और एकता का माहौल व्याप्त था।
शिक्षकगणों ने भी विद्यार्थियों को सरदार पटेल के आदर्शों का अनुसरण करने और राष्ट्रहित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली और सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने एक स्वर में कहा —
“हम सभी भारत की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।”
बेसिक विद्यालय अलीनगर सुनहरा में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल सरदार पटेल की जयंती का उत्सव बना, बल्कि विद्यार्थियों में देशप्रेम, एकता और समर्पण की भावना जागृत करने का भी सशक्त माध्यम रहा।































Comments