अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने वाले आई0पी0एस0 अधिकारी का विदाई समारोह
अन्य खबरे Jul 31, 2025 at 07:05 PM , 159लखनऊ। राजीव कृष्णा, पुलिस महानिदेशक, उ0प्र0 द्वारा आज दिनॉकः 31.07.2025 को पुलिस मुख्यालय में आयोजित विदाई समारोह के दौरान अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी श्री बिजय कुमार मौर्या, पुलिस महानिदेशक, होमगार्डं, उ0प्र0 लखनऊ को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान श्री पियूष आनन्द, पुलिस महानिदेशक एन0डी0आर0एफ0, श्रीमती तिलोत्तमा वर्मा पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण, श्री आलोक शर्मा, पुलिस महानिदेशक एन0एस0जी0, श्री बिनोद कुमार सिंह, अपर पुलिस महानिदेशक साइबर क्राइम एवं श्री प्रशान्त कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन द्वारा अपने संबोधन में श्री विजय कुमार मौर्या जी के सेवाकाल से सम्बन्धित संस्मरणो को साझा किया गया तथा उनके व्यक्तित्व की बड़ाई करते हुये सेवाकाल के दौरान किये गये सराहनीय कार्यों का उल्लेख किया गया। साथ ही उनके साथ बिताये हुये पलों का उल्लेख करते हुये उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गयी।
श्री धर्मवीर, पुलिस महानिरीक्षक होमगार्ड द्वारा कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में श्री बिजय कुमार मोर्या के द्वारा होमगार्ड विभाग में तैनाती के दौरान किये गये कार्यों का उल्लेख करते हुये कहा कि सर की तैनाती के दौरान होमगार्ड विभाग में आमूलचूल परिवर्तन हुआ है। उनके द्वारा सम्पूर्ण होमगार्ड विभाग को पूर्णतः डिजिटलीकरण कराया गया। होमगार्डों की डियूटी, उपस्थिति, वेतन एवं व्यक्तिगत विवरण से लेकर प्रत्येक अभिलेख को आनलाइन कराने से समस्त कार्य पूर्ण पारदर्शिता के साथ सम्पादित हो रहे हैं। होमगार्डों के प्रशिक्षण की दशा को सुधारते हुये प्रशिक्षण हेतु पर्याप्त स्थान उपलब्ध करवाया गया तथा नये प्रशिक्षण केन्द्र खुलवाये गये साथ ही होमगार्डों को प्रत्येक वर्ष वर्दी भत्ता दिलवाया गया। पूरे प्रदेश में जहां भी होमगार्डों के लिये कार्यालय की व्यवस्था नहीं थी वहां कार्यालय की व्यवस्था करायी गयी तथा पुराने कार्यालयों का रिनोवेशन कराया गया।
श्री बिजय कुमार मौर्या जी द्वारा अपने सम्बोधन में कहा गया कि पुलिस विभाग ज्वाइन करना उनके लिये बहुत सौभाग्य की बात थी। उन्होने अपने पुलिस विभाग के सम्पूर्ण कार्यकाल को बहुत अच्छा बताया तथा कहा कि वह अपने कार्यकाल से पूर्णतः संतुष्ट हैं। अन्त में अपने संबोधन में उनके द्वारा पुलिस महानिदेशक उ0प्र0 सहित कार्यक्रम में उपस्थित सेवानिवृत्त एवं कार्यरत पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ पुलिस परिवार व उ0प्र0 पुलिस के अपने बैचमेट एवं कनिष्ठो का आभार व्यक्त किया गया।
श्री राजीव कृष्णा, पुलिस महानिदेशक, उ0प्र0 द्वारा कार्यक्रम के अन्त में अपने संबोधन में श्री बिजय कुमार मौर्या जी द्वारा कार्यकाल के दौरान किये गये कार्यों की सराहना करते हुये उनके सरल व्यक्तित्व की प्रशंसा की गयी। साथ ही यह भी कहा कि श्री बिजय कुमार जी द्वारा होमगार्ड विभाग को आज जिस मुकाम पर पहुॅचा दिया है वह उनके सकारात्मक एवं बेहतर सोच के बगैर सम्भव नहीं हो सकता था। अंत में पुलिस महानिदेशक उ0प्र0 द्वारा उज्जवल भविष्य की कामना करते हुये उम्मीद की गयी कि उनके अनुभवों का लाभ पुलिस परिवार को सदैव मिलता रहेगा।
श्री बिजय कुमार मौर्या जी का जन्म 10 जुलाई 1965 को जनपद वाराणसी में हुआ था, जो 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। ‘भारतीय पुलिस सेवा’ में चयनित होकर प्रशिक्षणोपरान्त सहायक पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद, अपर पुलिस अधीक्षक बरेली, पुलिस अधीक्षक यातायात गाजियाबाद, पुलिस अधीक्षक जनपद बाराबंकी, अम्बेडकरनगर, पुलिस अधीक्षक यूएन मिशन कोसोवो, पुलिस अधीक्षक(प्रशिक्षण एवं सुरक्षा) लखनऊ, पुलिस अधीक्षक रेलवे लखनऊ, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद फैजाबाद, बरेली, अलीगढ़, मुजफ्फरनगर, आगरा, गोरखपुर, सेनानायक, 44वीं वाहिनी पीएसी मेरठ, 36वीं वाहिनी पीएसी वाराणसी एवं 45वीं वाहिनी पीएसी अलीगढ़ के पद पर नियुक्त रहे। वर्ष 2005 में ‘पुलिस उपमहानिरीक्षक’ के पद पर प्रोन्नत होने के उपरान्त पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र, सहारनपुर परिक्षेत्र, मेरठ परिक्षेत्र, पुलिस उपमहानिरीक्षक डॉ0 भीमराव आम्बेडकर पुलिस अकादमी मुरादाबाद, पुलिस उपमहानिरीक्षक इन्टर स्टेट बॉर्डर फोर्स मुख्यालय, लखनऊ एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक पीएसी सेक्टर आगरा के पद पर नियुक्त रहे। वर्ष 2007 में केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति पर प्रस्थान कर गये। वर्ष 2015 में केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस आने के फलस्वरूप अपर पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण लखनऊ, अपर पुलिस महानिदेशक रेलवे लखनऊ एवं अपर पुलिस महानिदेशक लॉजिस्टिक्स लखनऊ के पद पर नियुक्त रहे। वर्ष 2021 में ‘पुलिस महानिदेशक’ के पद पर प्रोन्नत होने के उपरान्त पुलिस महानिदेशक लॉजिस्टिक्स के पद पर नियुक्त रहे। वर्तमान में पुलिस महानिदेशक, होमगार्ड्स, लखनऊ के पद पर नियुक्त हैं, जहाँ से आज अपनी अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
श्री बिजय कुमार मौर्या जी निष्ठावान, कर्मठ एवं सरल स्वभाव के सुयोग्य अधिकारी रहे हैं। आपका 33 वर्षों से अधिक का सेवाकाल अत्यन्त सराहनीय रहा है।
श्री बिजय कुमार मौर्या जी को वर्ष 2000-2001 के लिये अनमिक पदक, स्वतन्त्रता दिवस 2007 के अवसर पर दीर्घ एवं सराहनीय सेवाओं के लिये पुलिस पदक, गणतन्त्र दिवस 2015 के अवसर पर विशिष्ट सेवाओं के लिये राष्ट्रपति का पुलिस पदक, स्वतंत्रता दिवस 2019 के अवसर पर पुलिस महानिदेशक, उ0प्र0 का प्रशंसा चिन्ह(सिल्वर), स्वतंत्रता दिवस 2020 के अवसर पर पुलिस महानिदेशक, उ0प्र0 का प्रशंसा चिन्ह(गोल्ड), स्वतंत्रता दिवस 2021 के अवसर पर पुलिस महानिदेशक, उ0प्र0 का प्रशंसा चिन्ह(प्लेटिनम) एवं स्वतन्त्रता दिवस 2024 के अवसर पर अति उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया है।



























Comments