*नौशाद सम्मान संगीतकार मिठुन व गायिका प्रतिभा बघेल को*
अन्य खबरे Feb 13, 2025 at 08:20 PM , 230*अवध फेस्टिवल में प्रतिभा संग होंगी अदिति राय और दुबई की गजल गायिका साक्षी तनेजा*
*23 फरवरी को छावनी में सजेगी महफिल*
लखनऊ, 13 फरवरी। मशहूर संगीतकार मिठुन शर्मा और गायिका प्रतिभा सिंह बघेल को 23 फरवरी को नौशाद सम्मान से अलंकृत किया जाएगा। छावनी के 11 जीआरसी पुनीत दत्त ऑडिटोरियम में 23 को शाम छह बजे होने वाले अवध फेस्टिवल के इस आयोजन में प्रतिभा बघेल के संग दुबई की गजल गायिका साक्षी तनेजा गजलों की सुरीली महफिल भी सजाएंगी। कार्यक्रम में अतिथियों के तौर पर मध्य कमान क चीफ ऑफ स्टाफ और अन्य सैन्य अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
हुनर क्रियेशन्स एण्ड क्राफ्ट एसोसिएशन द्वारा आयोजित अवध फेस्टिवल श्रृंखला के इस कार्यक्रम के बारे में संयोजक जफर नबी ने बताया कि ये सम्मान फिल्म उद्योग में यादगार संगीत देने वाले लखनऊ के मशहूर संगीतकार नौशाद के नाम पर दिये जाते हैं। एसोसिएशन ने नौशाद सम्मान गदर-2 फेम संगीतकार मिठुन शर्मा को पहले ही अवार्ड घोषित कर रखा था। अब उनके साथ प्रख्यात गायिका प्रतिभा सिंह बघेल को भी ये सम्मान प्रदान किया जाएगा। एसोसिएशन इससे पहले सरोदवादक अमजद अली खां, संतूर वादक शिवकुमार शर्मा, हेमा मालिनी, रेखा भारद्वाज, सोनू निगम, तलत अजीज, अनूप जलोटा, राधिका चोपड़ा और सोनम कालरा जैसे कई विश्वविख्यात कलाकारों को सम्मानित कर चुका है। उन्होंने बताया कि इस शाम कथक की विविधता भरी प्रस्तुति होगी।
प्रतिभा बघेल हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत और गजलों के साथ-साथ बॉलीवुड गानों के लिए भी प्रसिद्ध हैं। गायिका अदिति राय भी हर तरह की गायकी में माहिर हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसित दुबई की युवा गजल गायिका साक्षी तनेजा पहली बार लखनऊ में प्रस्तुति देंगी।



























Comments